हरियाणा: महेंद्रगढ़ में भीषण सड़क हादसा, स्कूली बस पलटने से 6 बच्चों की मौत...कई घायल

हरियाणा: महेंद्रगढ़ में भीषण सड़क हादसा, स्कूली बस पलटने से 6 बच्चों की मौत...कई घायल

चंडीगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां स्कूल बस पलटने से छह बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई है। इस हादसे में कई बच्चे घायल हैं। बताया जा रहा है कि आज सुबह एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। 

जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही एक बस के पलट जाने से छह विद्यार्थियों की मौत हो गई है और करीब 20 घायल हो गये हैं। शुरुआती खबरों में कहा गया है कि महेंद्रगढ़ में किसी वाहन से आगे निकलने की कोशिश के दौरान बस पलट गई थी।

महेंद्रगढ़ के पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने बताया कि बस के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वर्मा ने उन खबरों के बारे में पूछा गया जिसमें चालक के नशे में होने का दावा किया जा रहा है। इस पर उन्होंने कहा, ''हमने चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी मेडिकल जांच की जा रही है जिसके बाद ही हम पुष्टि कर पाएंगे कि वह वास्तव में नशे में था या नहीं।''

एसपी ने कहा कि कुछ खबरों में यह भी दावा किया जा रहा है कि बस चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाई। उन्होंने बताया कि घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा की शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा महेंद्रगढ़ के लिए रवाना हो गई हैं।

ये भी पढ़ें- जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़, 1 आतंकी ढेर