Unnao: नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की हुई विधि-विधान से पूजा अर्चना; दर्शन को मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

Unnao: नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की हुई विधि-विधान से पूजा अर्चना; दर्शन को मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

उन्नाव, अमृत विचार। नवरात्र के तीसरे दिन देवी मंदिरों में दुर्गा के स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधि विधान से पूजा अर्चना हुयी। मां के दर्शन के लिये श्रद्धालुओं की भीड़ भोर पहर से ही उमड़ पड़ी। सुबह से ही दुर्गा मंदिरों में खासी भीड़ देखने को मिली। वहीं, घरों में भी विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना की गयी।

बता दें गुरुवार को मां चंद्रघंटा के स्वरूप के दर्शन भक्तों ने पोनी रोड स्थित सोमा गौरी, झंडेश्वरी देवी, महेश मार्ग स्थित मां सिद्धिदात्री, गांधीनगर स्थित काली मंदिरों, कंचन नगर में कंचना मंदिर, चंपापुरवा में मंशा देवी व दुर्गा मंदिर समेत अन्य दुर्गा मंदिरों में करके विधि विधान से पूजा अर्चना की। वहीं, राजधानी मार्ग स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। 

मंदिरों में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।दरबार को भव्य तरीके से सजाया गया। आचार्य विनोद पांडे ने बताया कि मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस दौरान भक्तों ने उपवास रखकर व दुर्गा शप्तशती पाठ करके मां को प्रसन्न किया। वहीं सुरक्षा के लिहाज से मंदिर परिसर के अंदर बाहर वर्दी और शादी वर्दी में पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की गयी है।

भजन कीर्तन कर लिया आशीर्वाद

धार्मिक स्थलों पर लोगों ने मुंडन व कर्णछेदन जैसे संस्कार कार्यक्रम भी कराये। दुर्गा मंदिरों में तड़के सुबह चार बजे से खासकर महिलाओं की भीड़ दिखाई दी। मान्यताओं के अनुसार, महिलाएं दूर-दराज के गांवों से नंगे पैर मां की चौखट पर अपनी मनोकामना पूरी होने की कामना करने पहुंची। भक्तों ने घरों व मंदिरों में कन्या भोज भी कराया। वहीं, मंदिरों में महिलाओं ने मां के भजन कीर्तन, गीतों को गाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

यह भी पढ़ें- Fatehpur Crime: मामूली बहस के बाद युवक पर चापड़ से किया हमला; मौत, आरोपी ने खुद को घर में किया कैद