यात्रीगण कृपया ध्यान दें... तीन दिन बंद रहेगी बहराइच से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन
गोरखपुर गोंडा नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते निरस्त हुई ट्रेन
बहराइच, अमृत विचार। बहराइच से गोरखपुर जाने और आने वाली ट्रेन 14 अप्रैल से 16 अप्रैल तक निरस्त रहेगी इसकी सूचना शुक्रवार रात को पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से जारी कर दी गई है ऐसे में इस रूट के यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
बहराइच से गोरखपुर के मध्य विशेष ट्रेन का संचालन होता है। यह ट्रेन बहराइच से गोरखपुर के मध्य गोंडा होते हुए आवागमन करती है। लेकिन 14 अप्रैल से गोरखपुर गोंडा के मध्य नान इंटरलॉकिंग का कार्य शुरू होगा। इसके चलते रेलवे की ओर से बहराइच से गोरखपुर जाने वाली विशेष ट्रेन संख्या 05132 को 14 अप्रैल और गोरखपुर से बहराइच जाने वाली ट्रेन संख्या 05131 को भी इसी दिन से निरस्त कर दिया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल तक बहराइच से गोरखपुर आने और जाने वाली ट्रेन निरस्त रहेगी उन्होंने बताया कि नान इंटरलॉकिंग कर पूरा होने के बाद 17 अप्रैल से पुनः ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। तीन दिन ट्रेनों का संचालन बंद होने से इस रूट के यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। मालूम हो कि जिले से काफी संख्या में लोग पूर्वांचल की यात्रा करते हैं।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज: दांपत्य जीवन में बंधे 15 जोड़े, सामूहिक विवाह में लिए फेरे
