मुरादाबाद : अवैध शस्त्र-कारतूस और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने में जुटी पुलिस, लोक सभा चुनाव में बढ़ी है सप्लाई

किराए का भवन लेकर खुशहालपुर में अवैध शराब बनाते व पैकिंग करते पकड़े गए थे अभियुक्त

मुरादाबाद : अवैध शस्त्र-कारतूस और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने में जुटी पुलिस, लोक सभा चुनाव में बढ़ी है सप्लाई

मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तराखंड से सटे मुरादाबाद जिले में मादक पदार्थों और अवैध शस्त्रों की तस्करी कानून व्यवस्था में हमेशा चुनौती ही बनी रही है। चुनावी सीजन में तस्करी का बाजार और अधिक चढ़ जाता है। इस कार्य में लगे लोग बताते भी हैं कि चुनाव में मादक पदार्थों और अवैध शस्त्रों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए आसान नहीं रह जाता। लेकिन, फिर भी पुलिस ने इस तरह की तस्करी को रोकने के लिए काफी कार्रवाईयां की हैं। लगातार संदिग्ध लोगों पर पुलिस नजर भी रख रही है।

जनवरी से 11 अप्रैल तक हुई कार्रवाई के आंकड़े भी गवाह हैं कि पुलिस तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाए है। अब तक मूंढापांडे, भोजपुर, सिविल लाइन समेत चार स्थलों पर अवैध शस्त्र निर्माण-बिक्री की फैक्ट्रियां पकड़ी हैं। इन दिनों प्रत्येक थाने की पुलिस गश्त के दौरान भी काफी सावधानी बरत रही है। क्राइम को रोकने में पुलिस हर तरीके अपना रही है।

330 अवैध शस्त्र व 367 कारतूस बरामद की
अवैध शस्त्र, कारतूस, शस्त्र फैक्ट्री के मामले में करीब तीन महीने में 282 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें आरोपी अभियुक्तों में 298 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 330 शस्त्र और 376 कारतूस बरामद किए हैं। अवैध शस्त्रों के निर्माण एवं बिक्री की चार फैक्ट्रियां पकड़ी गई हैं। इसी तरह अवैध तरीके चाकू-छूरी रखने वालों के विरुद्ध भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऐसे लोगों के विरुद्ध कुल 145 एफआईआर दर्ज हुई हैं। इनमें 161 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इन लोगों के पास से पुलिस ने कुल 162 चाकू-छूरी बरामद की है। इस तरह आर्म्स एक्ट के तहत पुलिस ने कुल 427 एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें बनाए गए आरोपियों में से 459 अभियुक्तों को जेल भेजा है।

42.61 लाख रुपये की शराब बरामद
चुनाव के दरम्यान में पुलिस ने अब तक कुल 42,61,520 रुपये (अनुमानित) की शराब बरामद की है। तीन महीने 10 दिन में की कार्रवाई में आबकारी अधिनियम में कुल 807 एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें आरोपियों में से कुल 845 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से पुलिस ने 13,745 लीटर देशी, 100 लीटर अंग्रेजी और 1,056 लीटर जहरीली/अपमिश्रित शराब बरामद की है। शराब बनाने वाली 51 भट्ठियों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की है। इसी तरह से अवैध तरीके से गैर राज्य से आने वाली शराब की सप्लाई की रोकथाम के क्रम में भी पुलिस ने कार्रवाई की है। गैर राज्य में निर्मित 38 लीटर देशी, 56 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है।

मादक पदार्थों के तस्करों पर कार्रवाई
जनवरी से 10 मार्च तक के बीच में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर सख्ती बरती है। इस बीच में तस्करों के विरुद्ध कुल 117 एफआईआर दर्ज की गई है। इनसे जुड़े 124 अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इन लोगों से कुल 27.349 किग्रा गांजा, 15.413 किग्रा चरस, 28.23 किग्रा डोडा और 10.3407 किग्रा अन्य मादक पदार्थ बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में से पुलिस ने नौ लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई कर उनकी संपत्ति भी जब्त की है।

26 दिनों में मादक पदार्थों की बरामदगी

  • मादक पदार्थ - मात्रा (किग्रा) - कीमत (रुपये में)
  • गांजा             - 14.345 - 3,58,625
  • स्मैक             - 0.222 - 44,40,000
  • चरस             - 10.773 - 10,77,300
  • डोडा             - 2.40 - 8,640
  • अन्य मादक पदार्थ - 6.657 - 59,470
  • योग             - 34.397 - 59,71,057
    नोट : उक्त कार्रवाई 16 मार्च से 11 अप्रैल तक है।


सभी थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र में चुनाव के समय शांति व्यवस्था बनाए रखने को निर्देश हैं। अवैध शस्त्र निर्माण और उसकी खरीद-बिक्री को रोकने के लिए अभियान चल रहा है। इस अभियान में कामयाबी भी मिल रही है। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई हो रही है।- सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी क्राइम

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : महिला कांस्टेबल से भूखंड की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी, चार महिलाओं समेत आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज