रायबरेली : पूर्व मंत्री के बेटे विद्यालय संचालक का प्रधानाचार्य से अभद्र व्यवहार का आडियो वायरल

रायबरेली : पूर्व मंत्री के बेटे विद्यालय संचालक का प्रधानाचार्य से अभद्र व्यवहार का आडियो वायरल

रायबरेली, अमृत विचार। शिक्षक को संसार गुरु का स्थान देता है। गुरु को भगवान से भी श्रेष्ठ माना गया है। आदिकाल से विभिन्न धार्मिक ग्रन्थों में भी गुरु की महिमा का वर्णन किया गया है। श्रेष्ठ समाज सुधारक और निर्गुण निराकार ब्रह्म के उपासक कबीरदास ने भी अपनी रचनाओं में संसार में सर्वश्रेष्ठ गुरु को ही माना है। लेकिन खीरों क्षेत्र के एक विद्यालय के प्रबन्धक ने गुरु की गरिमा को तार तार करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य को वेतन मांगने पर भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए अपमानित कर विद्यालय से निकाल दिया। जिसका आडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। विद्यालय के संचालक ने प्रधानाचार्य पर पारिवारिक मामलों में हस्तक्षेप करने तो प्रधानाचार्य ने वेतन मांगने पर गाली देते हुए अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

खीरों क्षेत्र के सेमरी चौराहे के पास SNS ग्लोबल स्कूल के नाम से एक अंग्रेजी माध्यम से शिक्षण संस्था संचालित है। जिसके संचालक सपा के पूर्व मंत्री नत्थू सिंह के बेटे अरविन्द सिंह हैं। इसी विद्यालय में लखनऊ निवासी SB सिंह विगत तीन वर्षों से प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे।

वहीं प्रधानाचार्य SB सिंह ने बताया कि सपा के पूर्व मंत्री नत्थू सिंह के तीन बेटे अरविन्द सिंह, गोविन्द सिंह और जयविंद सिंह हैं। किसी बात को लेकर तीनों भाइयों में पारिवारिक विवाद चल रहा है। बड़े भाई अरविन्द सिंह उन्हें विद्यालय से हटाना चाहते थे। लेकिन उनके भाई गोविन्द सिंह और जयविंद सिंह तथा उनकी माता जी उन्हें विद्यालय से हटाने का विरोध कर रहे थे।

इसी बात को लेकर अरविन्द सिंह ने उनको फोन पर कहा कि वह विद्यालय छोड़ दें। उन्होंने जवाब दिया कि उनका मार्च माह के साथ ही चालीस दिन का बकाया वेतन भुगतान कर दीजिए। इसी बात से नाराज़ होकर अरविन्द सिंह ने अभद्र गालियां और धमकी देना शुरू कर दिया और विद्यालय पहुंचकर उन्हें विद्यालय से निकाल दिया।

जिससे वह मानसिक रूप बहुत आहत हुए हैं और वह विद्यालय से अपने घर लखनऊ आ गए हैं। संचालक अरविन्द सिंह ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य SB सिंह उनके पारिवारिक मामलों में हस्तक्षेप करते थे। इसी बात को लेकर उनके और प्रधानाचार्य के बीच कुछ कहासुनी हुई है। लेकिन उन्होंने गाली देने की बात से इंकार किया है।

 

ये भी पढ़े : समाजवादी पार्टी पर केशव मौर्य का बड़ा प्रहार, कहा-अखिलेश के तीन यार, आजम-अतीक और मुख्तार