मुख्यमंत्री योगी ने कहा - 80 बनेगा आधार, राजग 400 के पार, फिर एक बार मोदी सरकार

मुख्यमंत्री योगी ने कहा - 80 बनेगा आधार, राजग 400 के पार, फिर एक बार मोदी सरकार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि देश का गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति ही भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र के चार आधार हैं। मुख्यमंत्री ने कहा यह संकल्प पत्र मोदी की गारंटी है, जिसमें हमने विकसित भारत बनाने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक युद्ध की भी उद्घोषणा की है। 

उन्होंने उप्र में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए नया नारा देते हुए कहा, ''80 बनेगा आधार, राजग 400 पार, फिर एक बार मोदी सरकार।'' भाजपा मुख्यालय पर विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित पार्टी के संकल्प पत्र के संबंध में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा, ‘‘यह संकल्प पत्र एक ब्लू प्रिंट है, नये भारत का और श्रेष्ठ भारत का, आत्मनिर्भर भारत का एवं विकसित भारत का।'' 

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संकल्प पत्र को नये भारत का, श्रेष्ठ भारत का, आत्मनिर्भर भारत का और विकसित भारत का ब्लू प्रिंट बताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने को कहा कि यह देश के सभी नागरिकों के लिये मोदी की गारंटी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान शिल्पी बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर कमलों से अपना संकल्प पत्र जारी किया है।

इसकी पहली चार प्रतियां देश के चार सामाजिक स्तंभों -गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी - का प्रतिनिधित्व करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल मात्र नहीं है, बल्कि यह भारत के दृष्टिकोंण को मिशन मानकर प्रभावी ढंग से लागू करने के 140 करोड़ जनता की आकांक्षा बन चुकी है। उन्होंने कहा, ''यह संकल्प पत्र घोषणा करता हैं, भ्रष्टाचार के खिलाफ एक निर्णायक युद्ध का। यह पहला आम चुनाव हैं जिसके परिणाम के बारे में एक आश्वस्त का भाव पूरे देश में देखने को मिल रहा हैं, क्योंकि लोगों को मोदी जी की गारंटी पर विश्वास हैं।'' 

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के प्रति उनकी जो आकांक्षायें हैं, उन आकांक्षाओं की पूर्ति का माध्यम 'मोदी की गारंटी' बनेगा। इस बात को लेकर जो गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही हैं, वह गूंज चुनाव के परिणामों के बारे में पहले से ही आश्वस्त के भाव के रूप में हम सबको देखने को मिल रहा हैं । 

उन्होंने कहा, ''मोदी की गारंटी का मतलब बिना भेदभाव के हर तबके के लोगों के लिए, सबका साथ-सबका विकास के भाव के साथ आत्मनिर्भर भारत के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाना है।'' उन्होंने कहा, ‘‘आजादी के अमृत काल का ये पहला चुनाव है, जिसमें आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना को लेकर चुनाव लड़ा जा रहा है। देश की अस्मिता, सुरक्षा, आस्था और अर्थव्यवस्था को लेकर मोदी की गारंटी इस संकल्प पत्र का आधार बना है।’’ 

यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर: मारपीट कर बीवी को घर से निकाला, समझौते पर दिया तलाक, केस दर्ज, जानिए क्या है मामला...