एक्शन में एलडीए: अवैध निर्माण पर बड़ी कार्यवाही, 06 व्यावसायिक निर्माण किये सील

एक्शन में एलडीए: अवैध निर्माण पर बड़ी कार्यवाही, 06 व्यावसायिक निर्माण किये सील

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन जोन-2 व जोन-3 की टीम ने  बड़ी कार्यवाही की है। इस दौरान कृष्णानगर, पीजीआई, सरोजनीनगर, पारा, मानकनगर व काकोरी क्षेत्र में अवैध रूप से किये जा रहे 6 व्यावसायिक निर्माणों को सील किया गया। 

अधिकारियों ने दी जानकारी 
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि डॉ हरि प्रकाश व अन्य द्वारा कृष्णानगर के आजादनगर, पकरी में राजपूत हॉस्पिटल के पास लगभग 3000 वर्गफिट में निर्माण कार्य कराया जा रहा था। वहीं, अवधेश सिंह पुत्र आर0के0 सिंह व अन्य द्वारा सरोजनीनगर में कानपुर रोड पर ओम सांई लॉन के सामने शांतिनगर में लगभग 5000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। इसके अलावा श्रीकान्त साहू व विजय अग्रवाल द्वारा तेलीबाग में रायबरेली रोड पर लीला स्टील के सामने राम भरोसे मैकूलाल इंटर कॉलेज के अंदर लगभग 1600 वर्गफिट क्षेत्रफल में निर्माण कार्य कराया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन व्यावसायिक निर्माणों के विरूद्व विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में सहायक अभियंता शिवा सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता प्रमोद कुमार पाण्डेय द्वारा उक्त अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया। 

यहां भी होई कार्रवाई           
प्रवर्तन जोन तीन के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि दीपक भल्ला व अन्य द्वारा मानकनगर के श्रृंगार नगर में लगभग 4000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर अवैध रूप से व्यावसायिक निर्माण करवाया जा रहा था, जिसे पुनः सील किया गया। इसके अलावा अंकुर वर्मा व अन्य द्वारा पारा के सलेमपुर पतौरा में भगत सिंह कॉलेज के पास लगभग 2500 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर हॉल, कमरें व दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, मोहम्मद कमाल खान व अन्य द्वारा काकोरी कस्बे में लगभग 2400 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर दुकानों व हॉल का निर्माण कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। इसके अनुपालन में सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता संजय शुक्ला व भानु प्रकाश वर्मा द्वारा प्रश्नगत स्थलों को सील कर दिया गया है।