Unnao Crime: पारिवारिक विवाद...दो पक्षों के बीच चले ईंट-पत्थर, दरवाजे पर खड़े होकर देख रहे किशोर को लगा, मौत

उन्नाव में पत्थर लगने से किसान की मौत

Unnao Crime: पारिवारिक विवाद...दो पक्षों के बीच चले ईंट-पत्थर, दरवाजे पर खड़े होकर देख रहे किशोर को लगा, मौत

उन्नाव, अमृत विचार। अचलगंज थानाक्षेत्र के सुपासी गांव में शुक्रवार दोपहर एक ही परिवार के दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और ईट पत्थर चलने लगे। इस दौरान एक पत्थर पड़ोस में रहने वाले किशोर के सीने पर आ लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।  

घटना के बाद किशोर को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद मृतक के परिजन रो-रो कर बेहाल हैं।

बदरका चौकी के सुपासी डेरा निवासी टुइया पुत्र नसरुल्लाह, जुबेर पुत्र अकबर का परिवार के कमुआ पुत्र बादुर, सुहेल पुत्र सईद से शुक्रवार दोपहर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों से गाली-गलौज और फिर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। 

इसी दौरान दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर भी चलने लगे। इस दौरान पड़ोस के रहने वाले भिक्खु का 11 वर्षीय बेटा लाल मोहम्मद भी झगड़ा देख रहा था। तभी किसी पक्ष की ओर से फेंका गया पत्थर उसके सीधे सीने में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। 

घटना की जानकारी गांव के लोगों ने अचलगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजीव कुशवाहा मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी होने पर भिक्खु के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जायेगी।

ये भी पढ़ें- Auraiya: शादी की खुशियां मातम में बदली...पिकअप चालक ने बजाया हॉर्न...पर नहीं सुन सकी मासूम, कुचलकर हुई मौत