बरेली: देवहा नदी पर पुल न बनने का विरोध, लोगों की चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तीसरे चरण के मतदान में होगी पुरैना जैसी फजियत

नवाबगंज /भदपुरा, अमृत विचार। पेहना-पुरैना गांव के बीच देवहा नदी पर पुल बनाने की मांग को लेकर पुरैना के मतदाताओं ने प्रथम चरण में पीलीभीत में हुए लोकसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया था। अब 7 मई को बरेली में मतदान होगा। जिसमें बरेली लोकसभा क्षेत्र के नवाबगंज तहसील क्षेत्र में आने वाले गांव पेहना, पेनिया, जरपा मोहनपुर, प्रहलादपुर के मतदाताओं को मतदान करना है लेकिन वह भी मांग पूरी न होने पर चुनाव बहिष्कार करने की बात कह रहे हैं। ऐसे में प्रशासन यहां के लोगों को मतदान के लिए मनाने में जुट गया है। तहसील प्रशासन पीडब्लूडी की टीम के साथ 23 अप्रैल को ग्राम प्रधान के साथ ही जिम्मेदारों से वार्ता करेगा।

पेहना-पुरैना के बीच देवहा नदी पर पुल बनने में होने वाली देरी से नाराज मतदाता मतदान का बहिष्कार करने का ऐलान काफी पहले कर चुके हैं। मतदाताओं के ऐलान के बाद ही नवाबगंज तहसील प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम नवाबगंज गांविंद सिंह मौर्य राजस्व टीम के साथ ही पीडब्लूडी और सेतु निगम के अधिकारियों के साथ गांव पहुंचे थे और ग्रामीणों से बात की थी। 

इस दौरान पुल निर्माण को लेकर गलत रिपोर्ट लगाए जाने की जानकारी होने पर एसडीएम मौर्य ने दोनों विभागों के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए त्वरित सही रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। जिस पर रिपोर्ट आने पर सीडीओ को भेजी गई जिसे शासन को भेज दिया गया। 

इसके बाद तहसील प्रशासन ने नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य आवास पर गांव के लोगों से पुल और रास्ते के लिए भूमि देने के लिए किसानों से वार्ता की जिस पर गांव के लोगों ने अपनी स्वीकृति भी दे दी। अब 23 अप्रैल को एसडीएम गोविंद सिंह मौर्य पीडब्लूडी की टीम के साथ गांव जाकर पुल व रास्ते के लिए आवश्यक भूमि देने के लिए किसानों से बात कर जमीन का अधिग्रहण कराएंगें।

चार गांव में हैं 45 सौ मतदाता
नवाबगंज तहसील के गांव पेहना पेहनिया में करीब नौ सौ मतदाता हैं। जरपा मोहनपुर में 14 सौ, प्रहलादपुर में नौ सौ और विक्रमपुर में करीब एक हजार मतदाता हैं। इन चारों गांवों की आबादी दस हजार से अधिक है।

एसडीएम गोविंद सिंह मौर्य ने बताया कि विधायक के आवास पर ग्रामीणों से जमीन अधिग्रहण को लेकर बात हो गई है। इसी को लेकर वह राजस्व टीम के साथ ही पीडब्लूडी की टीम के साथ इन गांवों के लोगो से गांव जाकर बात करेंगे। ग्राम प्रधान से भी बात हो गई है। मतदान को लेकर कोई विरोध नहीं है।

विधायक डॉ. एमपी आर्य ने बताया कि गांव के लोगों से एसडीएम नवाबगंज की बात उनके आवास पर हुई थी। गांव के लोग स्वेच्छा से भूमि देने को तैयार हैं। एसडीएम के नेतृत्व में टीम मंगलवार को गांव जाकर भूमि अधिग्रहण को लेकर बात करेगी।

ये भी पढ़ें- Bareilly News: गर्मी में पिटबुल से ज्यादा देसी कुत्ते हुए खूंखार, सरकारी अस्पतालों में रोजाना पहुंच रहे सौ लोग एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने

संबंधित समाचार