Banda News: द्वारचार में दूल्हे को पड़ा मिर्गी का दौरा, लड़की पक्ष के लोग बोले- नहीं करेंगे शादी, फिर बुलाई गई पंचायत...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में द्वारचार में दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ने पर लड़की ने शादी से इंकार कर दिया

बांदा, अमृत विचार। द्वारचार में दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ने पर लड़की वालों ने शादी से इनकार कर दिया। सुबह पंचायत में दोनों पक्षों ने आपसी समझौते से एक-दूसरे के नुकसान की भरपाई की। बदौसा थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी दलित युवती की 18 मार्च को बारात आई थी। 

जनवासे में नाश्ता आदि करने के बाद बारात युवती के घर पहुंची तो वहां द्वाराचार की रस्म शुरू हुई। लड़की के पिता ने जैसे ही दूल्हे के पैर धुलने शुरू किए उसे मिर्गी का दौरा पड़ने से दूल्हा गिर गया और मुंह से झाग निकलने लगा। यह देख बाराती और घराती सहम गए। 

पहले तो लोगों ने सोचा दूल्हे को किसी ने कुछ खिला दिया। पर थोड़ी देर में उसकी हालत में सुधार हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली। दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ा था। लड़कीवालों को इसकी जानकारी हुई तो शादी से इनकार कर दिया। 

लड़के वालों ने काफी समझाने और पहली बार ऐसा होने की बात कही। लेकिन लड़की वाले राजी नहीं हुए।सुबह पंचायत में दोनों पक्षों से आपस में समझौता कर एक-दूसरे के नुकसान की भरपाई करने की बात कही गई। दूल्हा पक्ष ने लड़कीवालों को 20 हजार रुपये नुकसान भरपाई दिया। वहीं, लड़की वालों ने चढ़ावा आदि के जेवर लौटाए।

बारातियों को ससम्मान किया विदा 

लड़कीवालों के शादी से इनकार करने पर निराश बाराती लौटने लगे। इस पर लड़की पक्ष के बुजुर्ग ने सभी को रोका। कहा कि जो होना था, वो हो गया। बारात के लिए खाना बना है। सब बेकार जाएगा। ऐसे में सभी बाराती खाना खाकर ही जाएं। इसपर बाराती राजी हो गए। खाना खाने के बाद सभी को ससम्मान विदा किया गया।

ये भी पढ़ें- World Earth Day 2024: कोई नही उतार रहा धरती का कर्ज, खिलवाड़ होने से सूख रहे पेड़...पर्यावरण को पहुंच रहा नुकसान

संबंधित समाचार