Kanpur Crime: सवारी बनकर ई-रिक्शा में बैठी तीन महिलाएं...बैग से पार किए लाखों के जेवरात, पीड़िता को पुलिस ने भी टरकाया
कानपुर में सवारी बनकर बैठी तीन महिलाओं ने बैग से पार किए लाखों के जेवरात
कानपुर, अमृत विचार। ई-रिक्शा में सवारी बन कर बैठी तीन शातिर महिलाओं ने शादी से लौट रही महिला के बैग में रखे लाखों के जेवरात समेत नकदी पार कर दी। शक होने पर पीड़िता ने बैग खोल कर देखा, लेकिन तब तक शातिर महिलाएं फरार हो गईं।
पीड़िता का आरोप है कि मामले की शिकायत जूही व गोविंद नगर थाने में की, लेकिन दोनों थानों की पुलिस ने एक दूसरे पर मामला टाल कर पीड़िता को टरका दिया। सोमवार को पीड़िता ने एडीसीपी साउथ से शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
नौबस्ता, गल्लामंडी निवासी सीमा गुप्ता पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बेटी प्रांशी गुप्ता के साथ राजस्थान, जयपुर गईं हुईं थीं। बताया कि 18 अप्रैल देर रात वह वापस लौट कर पनकी, रतनपुर निवासी अपने दामाद पारस गुप्ता के आवास पर पहुंची। 19 अप्रैल की सुबह पारस गुप्ता, पत्नी कोमल व साली प्रांशी के साथ अयोध्या की ओर रवाना हो गए, जबकि वह शाम करीब साढ़े पांच बजे ई-रिक्शा चालक पति सत्यनारायण गुप्ता के साथ घर जाने लगी।
सीमा के मुताबिक वह नंदलाल चौराहे के पास पहुंची थी। तभी तीन महिलाएं आईं और बारादेवी चौराहे छोड़ने की बात कह कर ई-रिक्शे में बैठ गईं। बताया कि जूही डिपो के पास पहुंचने पर एक महिला सीट बदल कर उनके बगल में बैठ गई। बारादेवी शराब ठेके के पास पहुंचने पर तीनों महिलाएं उतर गईं। इस दौरान सत्यनारायण को शक होने पर उन्होंने सीमा से बैग की जांच करने को कहा। जांच करने पर सीमा के बैग में रखा हैंडबैग गायब मिला।
उन्होंने बताया कि बैग में एक हार, मंगलसूत्र, चेन, पांच अंगूठी व 12 हजार रुपये नकद रखे थे। आरोप है कि उन्होंने मामले की शिकायत गोविंद नगर पुलिस से की। जिस पर उन्हें जूही थाने का मामला कह कर टरका दिया गया। जूही थाने में शिकायत करने पर गोविंद नगर थाने जाने को कहा गया।
जिसके बाद सोमवार को पीड़िता ने एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा से शिकायत की। एडीसीपी के निर्देश के बाद गोविंद नगर थाने में तैनात दरोगा अंकित पटेल ने सीसीटीवी कैमरों की जांच की। एडीसीपी ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Kanpur Crime: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत...मृतक की पत्नी ने ट्रांसपोर्ट संचालक पर लगाया हत्या का आरोप
