लखीमपुर खीरी: युवक को पीटकर किया अधमरा, मरणासन्न हालत में छोड़ा...जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शादी समारोह से वापस बाइक से घर वापस आ रहा था युवक 

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना निघासन क्षेत्र में वैवाहिक समारोह में निमंत्रण कर देर रात घर वापस जा रहे एक युवक की चार युवकों ने बाइक रोक ली और उसे तब तक पीटा, जबतक वह अधमरा नहीं हो गया। आरोपी उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने खून से लथपथ युवक को बेहोशी की हालत में सीएचसी में भर्ती कराया है। 

गांव बबुरी मजरा मूड़ाबुजुर्ग निवासी मंजू देवी ने बताया कि उनका पुत्र सुनील गांव निषादनगर में तिलक का नेवता करने गया था। गुरुवार की रात करीब 11.30 बजे वह अपनी बाइक से घर वापस आ रहा था। गांव महाराजनगर के पास प्रतापगढ़ निवासी विकास, उसके भाई सुभाष, दीपक और गोलू ने सुनील की बाइक रोक ली और बेवजह गाली गलौज करने लगे। 

इस पर जब सुनील ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे पकड़ कर बाइक से नीचे गिरा दिया। लाठी डंडो व फावड़ा के बेट से तब तक पीटा जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। सिर में गंभीर चोटे आने से वह बेहोश हो गया। उसे मृत समझकर आरोपी एक तरफ खींच कर डाल दिया और भाग निकले। सूचना मिलने पर वह परिवार के अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंची तो देखा सुनील खून से लथपथ बेहोशी की हालत में पड़ा था। इससे परिवार वालों में चीख पुकार मच गई। परिजन उसे आनन-फानन में लेकर सीएचसी पहुंचे और उसे भर्ती कराया। 

मंजू देवी ने बताया कि पुत्र सुनील के सिर व शरीर पर काफी गम्भीर चोटे आई हैं। काफी जख्म हो गए हैं। उसके सिर में भी पीछे की तरफ काफी गहरी चोट लगी हैं। पीड़ित महिला ने आरोपियों के खिलाफ थाना निघासन पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें-लखीमपुर खीरी: चाकू से हमला मामले में 10 दिन बाद पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

संबंधित समाचार