काशीपुर: युवती ने लगाया भाई पर धारदार हथियार से वार करने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। एक युवती ने दो सगे भाइयों के खिलाफ उसके भाई को रास्ते में रोककर धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है। हमले में युवती का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मोहल्ला पक्काकोट निवासी कौसर पुत्री अब्दुल वाजिद ने पुलिस को दी तहरीर देकर बताया कि मोहल्ले के दो सगे भाई साहिल व राहिल पुत्रगण शकील उसके परिवार से रंजिश रखते हैं। पूर्व में भी दोनों भाई उसके घर में घुसकर मारपीट व छेड़छाड़ कर चुके हैं। बीती 24 अप्रैल को उसका भाई कमाल फैक्ट्री से डयूटी कर घर वापस लौट रहा था।

आरोप है कि रास्ते में उसके भाई कमाल को आरोपी दोनों भाईयों ने रोककर मारा पीटा और धारदार हथियार से हमला कर बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। यह भी आरोप है कि हमलावरों ने उसका मोबाइल और नकदी भी लूट ली। घायल कमाल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। युवती ने बताया कि पूर्व भी दोनों भाइयों ने उसके दूसरे भाई गुलाब के साथ भी मारपीट की थी। तहरीर अनुसार पुलिस ने आरोपी दोनों भाइयों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार