अयोध्या: यहां नकल पाने के लिए भटक रही है छह गांवों की 20 हजार आबादी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोहावल/ अयोध्या, अमृत विचार। नव सृजित नगर पंचायत खिरौनी सुचित्तागंज में शामिल छह गांवों की मुसीबत खत्म होने का नाम नही ले रही है। इन गांवों की बीस हजार की आबादी को जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटकना पड़ रहा है। इन गांवों के बाशिंदों के लिए परिवार रजिस्टर एक पहेली बन बैठा है। एक नकल पाने के लिए लोग सरकारी अधिकारियों के दफ्तरों का चक्कर लगा रहे है लेकिन जारी करने वाला कोई नही मिल रहा है।
  
साल्हेपुर निमैचा, सोहावल, कटरौली, उचितपुर, विसुनपुर सारा, खिरौनी राजस्व गांव को मिला कर नगर पंचायत खिरौनी सुच्चितागंज का गठन हुआ। एक वर्ष बीतने को है लेकिन नगर पंचायत अब तक अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही है। चेयरमैन और ईओ के बीच चल रहे शीत युद्ध के कारण विकास की गाड़ी स्टार्ट ही नही हो पाई है। यहां के निवासियों को छोटे छोटे दस्तावेजी कागजों के लिए भटकना पड़ रहा है। ताजा मामला परिवार रजिस्टर की नकल को लेकर सामने आया है। जिसको जारी करने वाली कोई जिम्मेदार इकाई ही लोगों को खोजे नही मिल रही। आवेदन करने वालो को नकल जारी करने से विकास खंड, नगर पंचायत, तहसील तीनों ने हाथ खड़ा कर लिया है। हालत यह है कि आठ सौ से अधिक लोग जन्म और मृत्यु पंजीकरण के लिए महीनों से चक्कर लगा रहे हैं। 

वर्जन- परिवार रजिस्टर के सारे दस्तावेज नगर पंचायत को हस्तांतरित कर दिए गए है अब नकल वही से जारी होगी।
- राजीव कुमार, एडीओ पंचायत 

वर्जन- हमें नकल जारी करने का कोई अधिकार नही मिला है। हम कैसे जारी कर सकते है। 
 - सचिन कुमार पटेल, ईओ नगर पंचायत

वर्जन- मामला टेढ़ा है नगर पंचायत को नकल जारी करना चाहिए। जल्द ही कोई रास्ता निकाला जाएगा। 
 - विनोद चौधरी, तहसीलदार, सोहावल

ये भी पढ़ें -सीतापुर: लीकेज सिलेंडर बदलने से कबाड़ मंडी में लगी थी आग

संबंधित समाचार