Unnao Crime: लापता अधेड़ का क्षत-विक्षत शव मिलने से फैली सनसनी, परिजन पुरानी रंजिश में हत्या की जता रहे आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में लापता अधेड़ का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला

उन्नाव, अमृत विचार। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में चार दिन से लापता अधेड़ का क्षत-विक्षत अवस्था में शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव गांव के बाहर मक्का के खेत में पाया गया। परिजन पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जता रहे है। सूचना पर पहुंची  पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।

बता दें ग्राम खैरुद्दीन पुर के मजरा सेतुवाही निवासी मोहन (50) पुत्र राजाराम का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मंगलवार सुबह गांव के बाहर खेत में खड़ी मक्का के खेत में मिला। कुत्तों ने शव के अंगों को नोच डाला था। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। परिजनों ने बताया कि मृतक ने गांव के सामने गंगा नदी के किनारे स्थित रेती में तरबूज-खरबूजा आदि की फ़सल बोई थी। फसल की रखवाली के लिये वह कभी-कभी रात में खेत पर ही रुक जाया करता था। 

चार दिन पूर्व वह अपनी फसल की रखवाली करने गया था। उसके बाद वह वापस घर नही लौटा। परिजनों ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले मृतक की पुत्री के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया था। मृतक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवक को जेल भेज दिया था। 

परिजन इसी रंजिश को लेकर मोहन की हत्या किये जाने की आशंका जता रहे है। परिजनों ने अभी तक घटना के संदर्भ में कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस कई बिंदुओं पर घटना की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें-Kanpur Nagar Nigam में नए नियम लागू...अब एक मिनट हुए लेट तो लगेगी अबसेंट, फेस रीडिंग से होंगी अटेंडेंस

संबंधित समाचार