रामपुर: उत्तराखंड के बाजपुर से आ रहा युवक की अनियंत्रित बाइक खंभे से टकराई, मौत
ग्राम बिजारखाता के निकट हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा
हादसे के बाद गड्ढे में गिरी पड़ी बाइक और घटनास्थल पर मौजूद लोग।
मसवासी/स्वार/अमृत विचार। उत्तराखंड के बाजपुर से आ रहा बाइक सवार युवक ग्राम बिजारखाता के निकट बाइक के अनियंत्रित होने पर सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गया। जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
शुक्रवार की दोपहर करीब सवा बारह बजे दढ़ियाल-बाजपुर मार्ग पर मसवासी चौराहे के नजदीक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार लहूलुहान हो गया और उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर तमाम लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इससे पहले कि घायल को अस्पताल लेकर जाते उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज रोहित कुमार टीम संग मौके पर पहुंच गए। मृतक की जेब से मिले कागजों के आधार पर उसकी शिनाख्त दानिश पुत्र इदरीस निवासी नगर पंचायत नरपतनगर-दूंदावाला के रुप में की गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। बताया जाता है कि युवक किसी काम से बाइक से सुबह उत्तराखंड के बाजपुर गया था। वहां से लौटते समय हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें : रामपुर में होता है औसतन 43925 मीट्रिक टन आम का उत्पादन, इन जिलों को होती है पौधों की सप्लाई
