लखीमपुर-खीरी: स्कार्पियों में फंसी बाइक 20 मीटर घसीटी, पिता की मौत...दो बेटियां घायल
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना निघासन क्षेत्र में ढखेरवा-निघासन मार्ग पर रकेहटी गांव के निकट मे स्थित डिग्री कॉलेज के पास स्कार्पियो चालक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक स्कार्पियों में फंस गई और करीब 20 मीटर दूर तक घिसटती हुई चली गई। हादसे में बाइक चालक और उसकी दो बेटियां घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को लेकर सीएचसी पहुंची, जहां डॉक्टर ने बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने पर दोनों बहनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
निघासन थाना क्षेत्र के गांव रकेहटी निवासी माता प्रसाद का पुत्र जितेंद्र चतुर्वेदी (38) उर्फ मझिले की पुत्री मानसी (12) व वैश्णवी (15) निघासन के एसएमडी स्कूल में पढ़ती हैं। रोज की तरह जितेंद्र चतुर्वेदी शुक्रवार को भी स्कूल दोनों बेटियों को लेने स्कूल गये थे। वापस घर आते समय रकेहटी से पहले पड़ने वाले डिग्री कॉलेज के निकट सामने से आ रही स्कार्पियो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
इस दौरान बाइक स्कार्पियो के अंदर जा घुसी और 20 मीटर से अधिक दूर तक घसीटती चली गई। हादसे के बाद भारी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पाकर रकेहटी पुलिस पिकेट के सिपाही भी आ गए और स्कार्पियों में बाइक समेत फंसे जितेंद्र चतुर्वेदी 38 को बाहर निकाला। उनकी दोनों पुत्रियां भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस तीनों को लेकर जिला सीएचसी निघासन पहुंची, जहां डॉक्टर ने जितेंद्र चतुर्वेदी को मृत घोषित कर दिया। घायल दोनों बहनों के हादसे में पैर भी टूट गए हैं। सीएचसी के डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर दोनों बहनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। उधर मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर सुरेश कुमार मिश्रा ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है।
बाबा ने मांगी दुआ, बेटियों की जिंदगी बख्स दें भगवान
हादसा इस परिवार को कितना जख्म दे गया। इसका अंदाजा विलाप करते पिता से ज्यादा कौन समझ सकता होगा। मृतक जितेंद्र चतुर्वेदी के पिता माता प्रसाद के हालात देखकर सब गमगीन हो गए। मृतक की पत्नी बेसुध थी। मृतक के पिता अपनी दोनो पोतियां वैष्णवी व मानशी की जिंदगी के लिए भगवान से भीख मांग रहा है।
माता प्रसाद ने बताया कि काल बनकर आई स्कार्पियो ने बेटे को छईन लिया, लेकिन जिन नन्हीं मुन्ही मेरी बच्चियों के हाथ पैर व हैंड इंजरी होने की बाते सामने आ रही है। बस उनकी जिंदगी भगवान बख्स दें। मृतक जितेंद्र के परिवार में हादसे में घायल हुई इन दोनों बेटियों के अलावा कोई भी संतान नहीं है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: पीलीभीत के दो अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार, नेपाल में भी मादक पदार्थ की करते थे सप्लाई
