पीलीभीत: अवैध कब्जे को लेकर लेखपाल ने फेरी निगाहें, डीएम ने कराई जांच और बढ़ गई मुश्किल...किया निलंबित
पीलीभीत, अमृत विचार: ग्राम समाज की जमीन पर किए जा रहे अवैध कब्जे को लेकर लेखपाल की ओर से कार्रवाई करने के बजाय लापरवाही बरतना महंगा पड़ गया। शिकायत मिलने पर डीएम ने जांच कराई तो लेखपाल की लापरवाही पकड़ी गई। जिसके बाद सख्त रूख अपनाते हुए डीएम ने लेखपाल पर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद एसडीएम ने लेखपाल को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा रहा।
बता दें कि शुक्रवार को डीएम संजय कुमार सिंह को शिकायत मिली थी कि कलीनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम धरमंगदपुर में कुछ लोगों ने ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है। कब्जा करने के साथ ही निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिसमें कुछ जिम्मेदारों की भूमिका भी संदिग्ध बताई गई थी।
मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम ने कलीनगर तहसील से अधिकारियों की टीम भेजकर प्रकरण की जांच कराई और निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए। जिसके बाद खलबली मच गई। टीम ने आनन-फानन में आ कर निरीक्षण किया और डीएम को अपनी जांच आख्या भेज दी। जिसमें बताया गया कि धरमंगदपुर गांव निवासी शकील की ओर से ग्राम समाज की जमीन पर अवैध निर्माण किया जा रहा है।
मगर क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा उक्त निर्माण को रोकने के सम्बन्ध में कोई कार्यवाही नहीं की गई। न ही अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। ऐसे में शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण कराने, पर दायित्वों के अनुरूप कार्य न करने, कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन करने आदि आरोपों का प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए डीएम ने कलीनगर तहसील के लेखपाल विन्द्रावन पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिसके बाद एसडीएम कलीनगर आशुतोष गुप्ता ने लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलम्बन अवधि में लेखपाल तहसील कलीनगर रजिस्ट्रार कानूनगो के कार्यालय से सम्बन्ध रहेगा। अग्रिम आदेशों तक विवेक सिंह लेखपाल द्वारा संबंधित हल्के का कार्य सम्पादित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: टंकी से निकले कीड़े गंदगी हैरत में पड़ गए शहरवासी, नगर पालिका टीम को झेलना पड़ा आक्रोश
