Bareilly News: प्रेमी ने धारदार हथियार से की महिला की हत्या, कमरे में अर्धनग्न अवस्था में मिला शव

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

बरेली/बिथरीचैनपुर, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र की रामगंगानगर कॉलोनी के सेक्टर सात में महिला की सिर, चेहरे और हाथ पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। महिला प्रेमी के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। महिला की सहेली शनिवार को जब उसके आवास पर पहुंची तो उसने शव पड़ा देखा। महिला की स्कूटी, जेवर और मोबाइल गायब हैं। महिला की मां की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

बारादरी थाना क्षेत्र निवासी सावित्री ने बताया कि उनकी बेटी पिंकी (28) रामगंगानगर कॉलोनी सेक्टर सात में पिछले छह महीने से मेहतर पुर निवासी डेयरी संचालक जोगेंद्र के साथ किराये के आवास में रह रही थी। शनिवार दोपहर पिंकी की कैंट निवासी सहेली बबली उसके आवास पर पहुंची तो दरवाजा भिड़ा हुआ था। अंदर जाने पर देखा तो पिंकी का अर्धनग्न शव लहूलुहान अवस्था में फर्श पर पड़ा था। बबली ने घटना की जानकारी उन्हें और बिथरी पुलिस को दी। 

बबली ने बताया कि आरोपी पिंकी की स्कूटी, सोने की चेन और दो मोबाइल भी ले गया है। इंस्पेक्टर बिथरी चैनपुर संजय तोमर ने बताया कि महिला प्रेमी जोगेंद्र सिंह के साथ लव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। परिजनों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

बबली को देखने के लिए गई थी
बबली ने बताया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। शुक्रवार रात में करीब 10 बजे पिंकी जोगेंद्र के साथ उनके घर आई थी और उन्हें खाना खिलाकर रात करीब साढ़े 11 बजे चली गई थी। उनके घर पर भी जोगेंद्र और पिंकी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जोगेंद्र के साथ संजना भी थी। बबली ने बताया कि पिंकी के आवास पर सामान बिखरा हुआ था। पिंकी के हाथ, सिर और चेहरा समेत शरीर पर कई घाव थे। जिससे लग रहा है कि उसने बचने का काफी प्रयास किया होगा।

पति से अलग रह रही थी पिंकी
परिजनों ने बताया कि करीब 10 साल पहले पिंकी का विवाह काशी धर्मपुर थाना हाफिजगंज निवासी मदनलाल से हुआ था। मदनलाल बाद में हरूनगला में रहने लगा था। आठ साल पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था। उसके बाद दोनों एक दूसरे से अलग रहने लगे थे। पिंकी की छह साल की बेटी भी है। जोगेंद्र आए दिन पिंकी के साथ शराब पीकर मारपीट करता था।

मृतका की मां की तहरीर पर जोगेंद्र के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी फरार है। हत्या की वजह पता की जा रही है। -नितिन कुमार, सीओ हाईवे

ये भी पढे़ं- 18 मई को बरेली क्लब में होगा May Queen प्रतियोगिता का आयोजन

 

संबंधित समाचार