बलरामपुर: सीएम योगी ने अटल अस्पताल का किया शिलान्यास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बलरामपुर में लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय के सेटेलाइट सेंटर अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सा परिसर के तहत 300 बेड वाले अस्पताल का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बलरामपुर की आम जनता की भावनाओं के अनुरूप किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय से इस …

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बलरामपुर में लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय के सेटेलाइट सेंटर अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सा परिसर के तहत 300 बेड वाले अस्पताल का शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा कि बलरामपुर की आम जनता की भावनाओं के अनुरूप किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय से इस चिकित्सालय के जुड़ जाने से चिकित्सा सुविधा के साथ ही साथ चिकित्सा शिक्षा भी मिल सकेगी, क्योंकि किंग जॉर्ज विश्वविद्यालय देश का सबसे बड़ा चिकित्सा विश्वविद्यालय है, जहां 4000 बेड की क्षमता है तथा यह विश्वविद्यालय लगभग 115 वर्ष पुराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सालय के सेटेलाइट सेंटर से जुड़ जाने से यहां पर कभी भी फैकल्टी की कमी नहीं होगी और यहां की आम जनता को चिकित्सा सुविधा अनवरत मिलती रहेगी। इस चिकित्सालय के निर्माण से बलरामपुर के लोगों की आवश्यकता पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद इस क्षेत्र का जितना विकास होना चाहिए था, वह नहीं हुआ। यहां तीन वर्ष पूर्व सड़कें भी ठीक नहीं थी तथा अपराध चरम पर था। इस समय यहां की आम जनता को सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है और लोकतंत्र की शक्ति का आगाज हुआ है।

उन्होंने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई की कर्म भूमि तथा भारत रत्न नानाजी देशमुख की साधना स्थली बलरामपुर का जिक्र करते हुए कहा कि इस जिले के इन दोनों महापुरुषों को भारत रत्न का सम्मान मिला।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 से लड़ाई में भारत विश्व का नेतृत्व कर रहा है। जब तक कोरोना की वैक्सीन नहीं आ जाती और संक्रमण पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक सभी लोग पूरी सावधानी बरतें तथा दो गज की दूरी और मास्क जरूरी के नियम का पूरी तरह पालन करें।

संबंधित समाचार