रफ्तार का कहर : कंटेनर ने पंक्चर बना रहे मैकेनिक, चालक व हेल्पर को रौंदा 

सीमा विवाद में उलझी रही पीजीआई और बिजनौर पुलिस

रफ्तार का कहर : कंटेनर ने पंक्चर बना रहे मैकेनिक, चालक व हेल्पर को रौंदा 

अमृत विचार, लखनऊ। बिजनौर थाना अंतर्गत आउटर रिंग रोड किसान पथ पर रविवार को पंक्चर बना रहे मैकेनिक, चालक व हेल्पर को तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया। जिसमें तीनों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पीजीआई और बिजनौर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सीमावर्ती क्षेत्र में उलझ गई। हालांकि, एसीपी कृष्णानगर ने मामले बिजनौर पुलिस को सौंप आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है। उधर, दुर्घटना के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया। जिससे मार्ग पर वाहनों के पहिए थम गए। 

सीमावर्ती क्षेत्र में उलझी दोनों थानों की पुलिस

डीसीपी दक्षिण तेजस्वरूप सिंह के मुताबिक, हमीरपुर जनपद के मौदहा थाना अंतर्गत  माचा गांव निवासी चालक सफीक अहमद (30) रविवार दोपहर डंपर में मौरंग लेकर किसान पथ होते हुए सुल्तानपुर रोड की तरफ जा रहा था। तभी बिजनौर के अलीगनगर खुर्द गांव के पास डंपर का अगला पहिया पंक्चर हो गया। इसके बाद सफीक डंफर को सड़क किनारे खड़ा कर मैकेनिक रामसेवक के साथ पहिया बदलने लगा। तभी दोपहर 12 बजे तेज रफ्तार में आ रहा कंटेनर चालक ने सफीक और रामसेवक को रौंद दिया। इस दुर्घटना में डंपर चालक कंटेनर के पहिए के नीचे दब गया।

घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई। जबकि रामसेवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को रौंदने के बाद राजस्थान के अलवर जिले के गाजी थाना निवासी कंटेनर चालक महेंद्र जांगिड़ (33) और उसका क्लीनर राजू सैनी (40) कंटेनर के केबिन में फंस गए। हादसे के बाद सड़क पर चीखपुकार मच गई। राहगीरों की मदद से स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर बिजनौर और पीजीआई पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिर पुलिसकर्मी सीमावर्ती क्षेत्र में उलझ गई।

 केबिन में फंसा चालक और हेल्पर

एसपी कृष्णानगर विनय द्विवेदी ने बताया कि पुलिस के सीमावर्ती क्षेत्र में फंसे होने की जानकारी मिलते ही  बंथरा और सरोजनीनगर पुलिस फोर्स को भी बुलाया गया। उसके बाद मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कंटेनर के केबिन में फंस चालक महेंद्र जांगिड़ और राजू सैनी को किसी तरह बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उधर घायल मैकेनिक रामसेवक को लोक बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद राणा ने बताया कि पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी देते हुए तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मार्ग में खड़े दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जेसीबी व हाइड्रा के जरिए किनारे कराया गया। तब वहां की यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।