संभल : चुनाव में गड़बड़ी की आशंका में 400 से ज्यादा गिरफ्तार, भड़के सपाई...लगाए आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल जिले में चुनाव को शांतिपूर्वक और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए चलाया अभियान, विभिन्न थानों की पुलिस ने लोगों को गिरफ्तार कर धारा 151 में किया चालान

सपा नेताओं ने कहा उनके कार्यकर्ताओं को किया जा रहा है गिरफ्तार, पुलिस ने कहा- शांतिपूर्ण मतदान के लिए असामाजिक तत्वों को किया गया निरुद्ध

संभल, अमृत विचार। जनपद संभल में लोकसभा चुनाव के लहए मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमे ने कड़ी कार्रवाई की। विभिन्न थानों की पुलिस ने अभियान चलाकर मतदान में गड़बड़ी की आशंका पर चार सौ से ज्यादा लोगों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई पर समाजवादी पार्टी के नेता भड़क गये। आरोप लगाया कि पुलिस उनके कार्यकर्ताओं व समर्थकों को बेवजह पकड़कर डराने का काम कर रही है।

लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्वक एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं। पुलिस की नजर उन सभी लोगों पर है जिनसे चुनाव को प्रभावित किए जाने की आशंका बनी है। रविवार को जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस ने उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जो चुनाव में गड़बड़ी कर सकते हैं। इस अभियान के तहत थाना असमोली पुलिस ने 37, संभल कोतवाली पुलिस ने 26, नखासा पुलिस ने 49, हयातनगर पुलिस ने 28, जुनावई पुलिस ने 32, हजरतनगर गढ़ी पुलिस ने 10, कैला देवी पुलिस ने 5, गुन्नौर पुलिस ने 40, बहजोई पुलिस ने 28, धनारी पुलिस ने 28, रजपुरा पुलिस ने 65, ऐंचौड़ा कम्बोह पुलिस ने 26 लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने गिरफ्तार लोगों को धारा 151 में चालान किया। इस कार्रवाई से पुलिस ने संदेश दिया कि चुनाव को लेकर कितनी सख्ती और सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस ने कहा कि अगर चुनाव में किसी ने गड़बड़ी करने का प्रयास किया तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं बड़ी संख्या में लोगों को गिरफ्तार किए जाने से खलबली का माहौल बना रहा।

ये भी पढ़ें : Lok Sabha Elections 2024 : संभल पुलिस ने कर दी मुनादी, फर्जी मतदाता छोड़े दें इलाका

संबंधित समाचार