बरेली: योगी ने पूछा- ‘अब तो मिल गई नौकरी, धरना-प्रदर्शन तो नहीं करोगे’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। 69 हजार शिक्षक भर्ती के अंतर्गत नौकरी पाने वालों के लिए शुक्रवार को इंवर्टिस यूनिवर्सिटी में नियुक्ति पत्र बांटे गए। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली के दो शिक्षकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। उन्होंने पूछा कि अब तो …

बरेली, अमृत विचार। 69 हजार शिक्षक भर्ती के अंतर्गत नौकरी पाने वालों के लिए शुक्रवार को इंवर्टिस यूनिवर्सिटी में नियुक्ति पत्र बांटे गए। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली के दो शिक्षकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। उन्होंने पूछा कि अब तो तुम्हें नौकरी मिल गई है, अब तो धरना-प्रदर्शन नहीं करोगे? इस पर उन्होंने जवाब दिया कि नहीं अब सिर्फ बच्चों को पढ़ाई कराएंगे।

पिछले दिनों 69 हजार शिक्षकों की भर्ती निकाली गई थी। इनमें से 31,277 पदों पर शिक्षकों की भर्ती की गई है। इनमें से बरेली के लिए कुल 712 शिक्षक मिले हैं। इनमें से 658 ने ही काउंसलिंग में भाग लिया। इन शिक्षकों के लिए शुक्रवार को इंवर्टिस यूनिवर्सिटी के सभागार में नियुक्ति पत्र बांटे गए। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल तरीके से मौजूद रहे।

उन्होंने पहले सभी जिलों के नवनियुक्त शिक्षकों से बात की। इसमें बरेली के निशात बेगम और रोहितेश गौतम को चुना गया। मुख्यमंत्री से बात करते समय उन्होंने बताया कि वह 2004 से शिक्षामित्र हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने निशात से कहा कि आज कैसा लग रहा है, नियुक्त पत्र लेते हुए। इस पर निशात बोली कि बहुत खुशी हो रही है। इसके बाद उन्होंने रोहितेश से बात की। रोहितेश ने बताया कि वह 2015 बैच के बीटीसी पास आउट हैं। मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि अब कैसा लग रहा है? रोहितेश ने बताया कि आज पिता का सपना पूरा हुआ है।

इसके बाद निशात और रोहितेश समेत पांच लोगों को मुख्यमंत्री की तरफ से कलेक्ट्रेट एनआईसी में नियुक्ति पत्र दिया गया। इसके बाद इंवर्टिस यूनिवर्सिटी के सभागार में रेंडम तरीके से चुने गए 50 शिक्षकों को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने नियुक्ति पत्र दिया। बाकी शिक्षकों को उनकी सीट पर नियुक्ति पत्र पहुंचा दिया गया।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री के साथ सांसद धर्मेंद्र कश्यप, बिथरी विधायक पप्पू भरतौल, नवाबगंज विधायक केसर सिंह, बहेड़ी विधायक छत्रपाल गंगवार, फरीदपुर विधायक डा. श्याम बिहारी, नगर विधायक डा. अरुण कुमार, मेयर डा. उमेश गौतम, डीएम नितीश कुमार, बीएसए विनय कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

संगठन से जुड़े लोगों का नहीं किया गया चयन: यूटा
31,277 पदों पर हुई नियुक्तियों पर शिक्षामित्र संघ और यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) ने आपत्ति जताई है। आरोप लगाया है कि अधिकारियों ने सीएम से बात करके संगठन से जुड़े लोगों का चयन नहीं किया है। बताया जा रहा है कि 68 से 73 फीसदी अंक हासिल करने वाले शिक्षकों का नाम ही सूची में नहीं है जबकि इससे कम और ज्यादा वालों का चयन किया गया है। इस पर संगठन ने आपत्ति जताई है।

क्या कहते हैं नवनियुक्त शिक्षक
“मेरा शुरू से सपना था कि मैं एक शिक्षक बनूं। इसके लिए मैंने काफी मेहनत की। अब जाकर सफलता मिली है। आज मैं बहुत खुश हूं।” -रंजना गौड़

“मैं बहुत खुश हूं, आज मेरा सपना पूरा हुआ है। मुख्यमंत्री जी ने जो भी हम लोगों को जिम्मेदारी सौंपी है अब तो बस उसी को पूरा करना है और बच्चों का भविष्य बेहतर बनाना है।” -प्रीति सागर

संबंधित समाचार