बरेली: विश्वविद्यालय ने बीकॉम अंतिम वर्ष का रिजल्ट किया जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। 15 अक्टूबर से विश्वविद्यालय और महाविद्यालय पीएचडी और परास्नातक विज्ञान एवं तकनीक पाठयक्रमों के लिए खुलने शुरू हो गए हैं। कोरोना नियमों का पालन करते हुए शैक्षिक व्यवस्था को पटरी पर लाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत स्नातक के अंतिम वर्ष के छात्रों का परिणाम जारी किया जाना है …

बरेली, अमृत विचार। 15 अक्टूबर से विश्वविद्यालय और महाविद्यालय पीएचडी और परास्नातक विज्ञान एवं तकनीक पाठयक्रमों के लिए खुलने शुरू हो गए हैं। कोरोना नियमों का पालन करते हुए शैक्षिक व्यवस्था को पटरी पर लाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत स्नातक के अंतिम वर्ष के छात्रों का परिणाम जारी किया जाना है ताकि वह स्नातकोत्तर में प्रवेश ले सकें। शुक्रवार को विश्वविद्यालय ने बीकॉम अंतिम वर्ष का रिजल्ट जारी कर दिया। विद्यार्थी अपना रिजल्ट इंडिया रिजल्ट डॉट काम पर देख सकते हैं।

विश्वविद्यालय के स्नातक प्रथम व द्वितीय वर्ष के छात्रों को अगली कक्षा में प्रमोट किया जाना है। इसके अलावा स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष व अन्य पाठयक्रमों के सेमेस्टर का भी रिजल्ट घोषित किया जाएगा। छात्रों को यूजीसी की गाइडलाइंस के मुताबिक किस तरह से प्रमोट किया जाएगा, इसको लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

सबसे पहले स्नातक के द्वितीय वर्ष के छात्रों को प्रमोट किया जाएगा। इसके लिए उनके द्वारा दिए गए एग्जाम के रिजल्ट और उनके प्रथम वर्ष के अंकों को देखा जाएगा। उसके बाद प्रथम वर्ष के छात्रों को प्रमोट किया जाएगा। इसके लिए उनके परीक्षा परिणाम को भी देखा जाएगा। विश्वविद्यालय में मूल्यांकन का काम भी तेजी से चल रहा है। 95 फीसदी कापियां चेक हो चुकी हैं। यही वजह है कि अब जल्द ही रिजल्ट भी आने शुरू हो गए।

ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाई
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने परास्नातक, बीपीएड में संस्थागत प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीख बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 20 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले 15 अक्टूबर को अंतिम तारीख निर्धारित की गई थी। रजिस्ट्रार सुनीता पांडेय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके तहत विश्वविद्यालय से संबंधित महाविद्यालयों में वर्ष 2020 में परास्नातक स्तर के संस्थागत प्रवेश और ऐसे प्रवेश जिनमें प्रवेश के लिए स्नातक उत्तीर्ण होने की अर्हता अनिवार्य है। प्रवेश परीक्षा से होने वाले प्रवेश को छोड़कर, एमए, एमएससी, एमकॉम, एलएलबी त्रिवर्षीय और बीपीएड के लिए प्रवेश परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन 2 मई से शुरू किए गए थे। इनमें प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाई गई है।

जेएन मौर्या बने विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की कुलसचिव ने 12 शिक्षकों को शिक्षण कार्य के अलावा अन्य जिम्मेदारियां भी दी हैं। इसके तहत प्लांट साइंस के प्रोफेसर जेएन मौर्या को विश्वविद्यालय का चीफ प्रॉक्टर बनाया गया है। इसके अलावा व्यवसाय प्रबंधन के प्रोफेसर पीबी सिंह को अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डा. एके सिंह को डिप्टी चीफ प्रॉक्टर, डा. आलोक श्रीवास्तव को क्रीड़ा सचिव, डा. बृजेश कुमार को एनएसएस समन्वयक विवि परिसर, डा. नीरज कुमार को एनएसएस सह समन्वयक विवि परिसर, प्रोफेसर आशा चौबे को समन्वयक वीमेंस ग्रीवांस सेल, प्रो. तूलिका सक्सेना को सह समन्वयक वीमेंस ग्रीवांस सेल, डा. ओपी उपाध्याय को प्रभारी अतिथि गृह, प्रो. योगेंद्र प्रसाद को वार्डन मुख्य छात्रावास एवं चीफ वार्डन, प्रो. एसके पांडेय को समन्वयक प्रवेश सेल और प्रो. संजय मिश्र को समन्वयक नैक एंड आईक्यूएसी बनाया गया है।

संबंधित समाचार