लखीमपुर-खीरी: इंडिया गठबंधन सत्ता में आया तो किसानों का कर्ज करेंगे माफ- अखिलेश यादव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। सपा मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार आई तो किसानों का पूरा कर्जा माफ करेंगे। सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दी जाएगी। चार साल की नहीं अग्निवीरों की सरकारी नौकरी होगी। चार सौ पार का नारा देकर भाजपा संविधान के पीछे पड़ी है। संविधान और आरक्षण खत्म करना चाहती है। अबकी जनता संविधान बदलने वालों को ही बदल देगी।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पर खीरी लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा और कस्ता में धौरहरा प्रत्याशी आनंद भदौरिया के समर्थन में आयोजित जनसभा में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लखीमपुर में दिल्ली से बड़े-बडे़ नेता आ चुके हैं। आज (गुरुवार) को लखनऊ से भी आए थे। 

उन्होंने कहा कि संविधान में बाबा साहेब आंबेडकर ने हमें अधिकार दिए हैं। संविधान हमें सम्मान दिलाता है, नौकरी दिलाता है और आरक्षण दिलाता है। भाजपा 400 पार की बात कहकर संविधान के पीछे पड़ी है। आरक्षण समाप्त करना चाहती है। अबकी जनता संविधान को बदलने की कोशिश करने वालों को वोट की चोट देकर बदल देगी। 

वैक्सीन के मुद्दे पर घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो वैक्सीन को लेकर प्रचार कर रहे थे। अब पता चला कि वह वापस ले रहे हैं। सुना है जो सर्टिफिकेट बने थे। वैक्सीन लगने के उनमें से दिल्ली वालों ने फोटो हटवा ली। डबल इंजन की सरकार का एक इंजन होर्डिंग में दिखाई नहीं दे रहा। पुलिस, प्रशासन और कर्मचारियों को भी जबरदस्ती लगवा दी। वैक्सीन जिनको लग गई। उनसे कैसे निकालेंगे। 

तिकुनियां कांड का जिक्र करते हुए कहा कि मंत्री के बेटे ने थार गाड़ी से किसानों व एक पत्रकार को कुचल दिया। किसान दिल्ली पहुंचा तो वहां भी कुचलने का किया गया। कई किसान शहीद हो गए। जनता वोट से जवाब देगी। इतना वोट डालना कि भाजपा प्रत्याशी इस बार बॉर्डर के बाहर निकल जाए। इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो शहीद किसानों के परिवार वालों को न्याय दिलाएंगे।

ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: सपा सरकार में दंगा होता था, रोज लगता था कर्फ्यू...अब किसी की आंख दिखाने तक की हिम्मत नहीं- सीएम योगी

 

 

संबंधित समाचार