बरेली: कूड़ा ढोने वाले वाहनों से बड़े पैमाने पर तेल चोरी की पुष्टि के बाद लागू की नई व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अफसरों ने निगरानी की योजना बनाई, बाकरगंज में लगी तौल मशीन

बरेली, अमृत विचार। शहर से निकलने वाला कूड़ा बाकरगंज में डंप करने के लिए लगाए गए नगर निगम के वाहनों से बड़े पैमाने पर डीजल चोरी की छानबीन में पुष्टि हुई है। अब तेल का यह खेल रोकने के इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर निगम के अफसरों ने डंपिंग ग्राउंड में कूड़ा डंप करने से पहले उसकी तौल कराने की व्यवस्था लागू की है। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी कराई जाएगी ताकि पुष्टि हो सके कि रोज कितने वाहन डंपिंग ग्राउंड पर आ-जा रहे है। यह व्यवस्था शुक्रवार को लागू कर दी गई है।

शहर से हर रोज 450 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है जिसे डलावघरों से बाकरगंज डंपिंग ग्राउंड तक ले जाने के लिए नगर निगम ने 125 से ज्यादा वाहन लगा रखे हैं। इन वाहनों को पर्ची के माध्यम से शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर तेल मिलता है। इस मद में नगर निगम हर महीने करीब 93 लाख रुपये खर्च करता है। कई बार तेल चोरी के आरोप लगे लेकिन इतनी मोटी रकम खर्च होने के बाद नगर निगम ने अब तक इसकी निगरानी के लिए कोई इंतजाम नहीं कर रखा था।

पिछले दिनों नगर निगम के अफसरों ने छानबीन कराई तो पता चला कि कागजी खानापूरी कर वाहनों के चालक बड़े पैमाने पर डीजल चोरी कर अपनी जेबें भर रहे हैं। इसके बाद वाहनों की निगरानी की योजना तैयार की गई। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को हर रोज शहर से डंपिंग ग्राउंड में जाने वाले कूड़ा गाड़ियों की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। इसमें उल्लेख करना होगा कि हर दिन डंपिंग ग्राउंड पर कितने वाहनों से कितना कूड़ा पहुंचाया गया।

महीने दर महीने बढ़ा तेल का खर्च तो कराई गोपनीय जांच
नगर निगम की कूड़ा गाड़ियों का तेल का खेल इससे पहले 2014 में पकड़ा गया था। अब इधर काफी समय से कूड़ा उठाने वाले वाहनों का डीजल खर्च हर माह बढ़ता जा रहा था। यह बात अफसरों के नोटिस में आने के बाद गोपनीय जांच कराई गई तो पता चला कि डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा डालने वाले वाहनों से तेल निकालकर बड़े पैमाने पर बेच दिया जा रहा है। बिना कूड़ा उठाए ही वाहनों की पर्ची बनवाकर तेल की खरीदारी भी की जा रही थी।

कूड़े-कचरे को बाकरगंज में डंप करने से पहले तौला जाएगा। इसके लिए कांटा लगा दिया गया है। सीसीटीवी से भी निगरानी होगी। हर रोज रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी। - सुनील कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त

ये भी पढ़ें- बरेली: पुलिस से की शिकायत तो सट्टेबाज ने युवक पर चढ़ा दी कार, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार