बरेली: औद्योगिक क्षेत्रों में 980 करोड़ से होगा सुविधाओं का विकास...यूपीसीडा ने नगर निगम, बीडीए और लोक निर्माण विभाग से मांगे प्रस्ताव
बरेली, अमृत विचार। यूपीसीडा भी 980 करोड़ की लागत से बरेली के औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाओं के विकास की तैयारी कर रहा है। इसके लिए यूपीसीडा की ओर से नगर निगम, बीडीए औरलोक निर्माण विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है। जरूरी विकास कार्यों की डीपीआर भी तैयार की जा रही है।
कुछ महीने पहले औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए यूपीसीडा को बजट स्वीकृत किया जा चुका है लेकिन लोकसभा चुनाव होने के कारण यह प्रोजेक्ट जहां के तहां ठहर गया था। अब इस दिशा में अफसरों ने काम शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को यूपीसीडा की तरफ से नगर निगम से औद्योगिक क्षेत्रों में जरूरी विकास कार्यों के बारे में रिपोर्ट मांगी है। नगर निगम अफसरों के मुताबिक शहरी क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों की तरह औद्योगिक क्षेत्रों में भी पार्क, सड़क और स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था होगी। सीसीटीवी कैमरे भी लगाने के साथ सुरक्षा भी के पुख्ता इंतजाम होंगे। अगले सप्ताह नगर निगम के इंजीनियर और बीडीए के अधिकारी औद्योगिक क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे।
ये काम होंगे औद्योगिक क्षेत्रों में
शहर के औद्योगिक क्षेत्रों के प्रवेश द्वार नाथ नगरी के प्रवेशद्वार की तरह बनाए जाएंगे। इसके अलावा यहां सीसीटीवी कैमरे, लैंडस्कैपिंग और बूम बैरियर लगाने के साथ कई और काम होंगे। सड़कों को नए सिरे से बनाने के साथ स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी।
यूपीसीडा को औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए कुछ महीने पहले बजट मिला था। अब विकास कार्यों के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है। इसके लिए नगर निगम की एक टीम गठित कर दी गई है। अगले सप्ताह निरीक्षण भी किया जाएगा। - पुनीत ओझा, मुख्य अभियंता नगर निगम
ये भी पढे़ं- बरेली: रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने 1 जून से 7 जुलाई तक घोषित किया ग्रीष्मकालीन अवकाश
