बदायूं: जर्जर हो गए पांच ग्राम पंचायत घर, 80 लाख रुपये से होगा निर्माण

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बदायूं, अमृत विचार: ग्राम पंचायतों में वर्षों पूर्व बने पंचायत घर जर्जर हो चुके हैं। जो गिरताऊ हालत में हैं। प्रदेश भर में ऐसे पंचायत घरों की संख्या करीब सौ के आस पास है। इन सभी का प्रदेश सरकार जीर्णोद्धार करने जा रही है। जिले में भी पांच की हालात काफी खस्ता है। जिसकी सूचना प्रदेश सरकार द्वारा मांगी गई है। मंजूरी मिलने के बाद इनकी नवीन बिल्डिंग बनाई जाएगी। जिसमें एक बिल्डिंग बनाने में करीब 17.46 लाख रुपये धनराशि का खर्च आएगा।

पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रदेश के अंदर  सौ नए पंचायत घरों का नव निर्माण कराने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश भर के जिलों में कार्यरत पंचायत राज अधिकारी से ऐसी ग्राम पंचायतों का ब्योरा मांगा है। जिनमें पंचायत घर जर्जर हालत हैं या उनमें पंचायत अब तक नहीं बन सके हैं। 

बदायूं जनपद में 1037 ग्राम पंचायतों में से 1036 में पंचायत घर बने हुए हैं।  ब्लॉक उसावा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कटरा सहादत में अब तक पंचायत घर का निर्माण नहीं हो सका है। चार ग्राम पंचायतें ऐसी हैं। जिनमें वर्षों पूर्व बने पंचायत घरों की बिल्डिंग गिरताऊ हालत में पहुंच गई है। उनमें कोई कामकाज नहीं हो रहा है। शासन से मिले निर्देश के बाद पंचायती राज विभाग द्वारा जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत घर नहीं बना है। 

उनका ब्यौरा शासन को भेजा है। इसके शासन स्तर से इनका प्रस्ताव मांगा जाएगा। इसके बाद पंचायत घरों की नवीन बिल्डिंग तैयार की जाएगी। पंचायत राज अधिकारी के अनुसार नवीन पंचायत घर की बिल्डिंग करीब 17 लाख 46 हजार रुपए में तैयार होगी। प्रदेश के अन्य जिलों से शासन स्तर पर सूचना पहुंचने के बाद ही प्रस्ताव मांगा जाएगा।

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज योजना के तहत ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने का प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है। इसलिए सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत घर बनाए गए हैं। जिले एक ग्राम पंचायत को छोड़कर सभी में पंचायत घर बने हैं। चार ग्राम पंचायत ऐसी हैं जिनकी बिल्डिंग पुरानी होने की वजह से जर्जर हो गई है। जिसकी सूचना सरकार को भेज दी है। प्रदेश के अन्य जनपदों से सूचना शासन में पहुंचने के बाद ही प्रस्ताव मांगा जाएगा। या फिर अन्य मद से इनकी बिल्डिंग तैयार होगी। इनके निर्माण में करीब 17.46 लाख रुपये का खर्च आएगा---श्रेया मिश्रा, डीपीआरओ।

यह भी पढ़ें- बदायूं: मक्का के खेत में मिला दो दिन से लापता युवक का शव, परिवार में कोहराम

संबंधित समाचार