लखीमपुर-खीरी: हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को भेजा जेल
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार: थाना भीरा पुलिस ने गांव पहाड़ापुर निवासी उमेश कुमार की मौत के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को चालान कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया।
एसओ पंकज त्रिपाठी ने बताया कि घटना तीन अप्रैल 24 की रात करीब 12 बजे हुई थी। गांव पहाड़ापुर निवासी उमेश कुमार घर पर अकेला था। तभी गांव के कुलदीप पांडेय, कीर्ति पांडेय और अनुराग सक्सेना उसके घर में घुस गए थे और लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया था। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस ने इस मामले में घायल उमेश कुमार की बहन नेहा पांडेय की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने शनिवार को आरोपी कुलदीप पांडेय व अनुराग सक्सेना को गिरफ्तार कर चालान भेजा है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: CM योगी का फोटो लगाकर नौकरी के नाम पर 12 लाख की ठगी, कंपनी के तीन लोगों पर FIR
