बलरामपुर में फर्जी अस्पताल चलाने वाले डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज, प्रमुख सचिव के आदेश पर हुई कार्रवाई 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बलरामपुर, अमृत विचार। फर्जी अस्पताल चलाने वाले डॉक्टर के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है ।यह कार्यवाही प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन के आदेश पर उतरौला तहसील के भड़वाजोत चमरुपुर में अवैध रूप से संचालित हॉस्पिटल सीज कर दिया गया है। साथ ही साथ अस्पताल संचालक के खिलाफ श्रीदत्तगंज थाने में केस भी दर्ज कराया गया है।

सेंट्रल प्रेस काउंसिल के प्रदेश प्रभारी आरपी सिंह ने अप्रैल माह में प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन को पत्र भेजकर शिकायत की थी  कि गोंडा-उतरौला मुख्य मार्ग पर भड़वाजोत चमरुपुर बाजार में मां हेल्थ केयर के नाम से अनाधिकृत अस्पताल संचालित किया जा रहा है। अस्पताल के संचालक बिना किसी वैध डिग्री के हाइड्रोसील व बवासीर आदि का ऑपरेशन भी करते हैं। इस तरह मरीजों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। मामले की शिकायत पर प्रमुख सचिव ने जिला प्रशासन को जाचं व कार्रवाई का निर्देश दिया। 

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि प्रमुख सचिव के निर्देश पर एसीएमओ डॉ. एसके श्रीवास्तव, एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार चौधरी व सीएचसी श्रीदत्तगंज के अधीक्षक डॉ. मनीष श्रीवास्तव से मां हेल्थ केयर की जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अस्पताल को सीज करा दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक श्रीदत्तगंज अनिल कुमार दीक्षित ने बताया कि एसीएमओ डॉ. एसके श्रीवास्तव की तहरीर पर अस्पताल संचालक राहुल कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।

ये भी पढ़ें -बीमारी के चलते पत्रकार का हुआ निधन, अमृत विचार हरदोई कार्यालय पर शोकसभा आयोजित

संबंधित समाचार