Bareilly news: हत्या के प्रयास में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के भाई समेत चार नामजद
महिला पर हमला कर फायरिंग का आरोप, एसएसपी के आदेश पर कार्रवाई
बरेली/ सीबीगंज, अमृत विचार। सीबीगंज क्षेत्र में घर के दरवाजे पर बैठी महिला पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पूरन लोधी के अधिवक्ता भाई मोहन स्वरूप ने साथियों के साथ हमला बोल दिया। आरोप है कि इस दौरान सात राउंड फायरिंग की गई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के भाई समेत चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के गांव महेशपुर अटरिया निवासी आनंदी देवी पत्नी सोमपाल लोधी ने बताया कि वह 8 मई को रात में साढ़े दस बजे बच्चों के इंतजार में घर के दरवाजे पर बैठी थी। इस दौरान मोहन स्वरूप, उनका बेटा रंजीत, भांजा हरेंद्र, रितिक अवस्थी आदि ने घर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि रंजीत और रितिक पर तमंचे थे। इन लोगों ने फायरिंग की। किसी तरह उसने भागकर जान बचाई। फायरिंग के निशान दीवार पर हैं। आरोप है कि हमलावरों अपने घर की छत से भी फायरिंग की। विरोध पर पथराव भी किया। जिसमें गांव के चार लोग घायल हो गए। घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है।
एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने अधिवक्ता मोहन स्वरूप, उनके बेटे रंजीत, भांजे हरेन्द्र, रितिक अवस्थी समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। 7 मई को अधिवक्ता मोहन स्वरूप की तहरीर पर पुलिस ने सुभाष लोधी और रवि के खिलाफ फायर कर जान से मारने की कोशिश की धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी। इंस्पेक्टर सीबीगंज राधे श्याम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Bareilly news: जब दरोगा की कटी गर्दन तो चाइनीज मांझा बेचने वाले पांच गिरफ्तार
