Bareilly news: गुरगांव...जहां बना करोड़ों का पशु पॉली क्लिनिक, वहां सबसे कम 16% मतदान
उद्घाटन करने जा रहे पशुधन मंत्री का छुट्टा पशु सड़क पर खड़े कर रोका गया था काफिला
बरेली, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में आंवला विधानसभा क्षेत्र के उस गांव गुरगांव में सबसे कम 16 प्रतिशत वोटिंग हुई जहां दिसंबर 2023 में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने करोड़ों की लागत से बने पशु चिकित्सा पॉली क्लिनिक का उद्घाटन किया था। इसी पॉली क्लिनिक का उद्घाटन करने जाते समय गांव पिपरिया उपराला के सैकड़ों लोगों ने रास्ते में सैकड़ों छुट्टा पशु खड़े कर पशुधन मंत्री का काफिला करीब 40 मिनट तक रोके रखा था।
प्रशासन की ओर से शनिवार को जारी आंकड़े इशारा कर रहे हैं कि आंवला विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में मतदाताओं ने लोकसभा चुनाव के लिए वोट डालने में अलग-अलग जज्बा दिखाया। विधानसभा क्षेत्र में तीन लाख 20 हजार 911 मतदाताओं में से एक लाख 88 हजार 985 मतदाताओं ने 342 बूथों पर वोट डाला जो 58.72 फीसदी था। कई जगह काफी कम मतदान हुआ लेकिन मंत्री धर्मपाल सिंह के गुलड़िया उपराला के बूथ 119 पर 63.79 फीसदी वोटिंग हुई, बूथ नंबर 120 पर भी 63.70 फीसदी मतदान हुआ है।
बसपा प्रत्याशी आबिद अली के सुभाष इंटर कॉलेज के बूथ नंबर 281 पर भी 55.08 फीसदी मतदान हुआ। इस कॉलेज में पांच और बूथ बनाए गए थे, जहां सबसे कम 43.12 फीसदी मतदान बूथ नंबर 286 पर हुआ। आंवला के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह पाल के बूथ पर भी 50.36 फीसदी और पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना के गंज रतनलाल वाली गली के बूथ नंबर 279 पर 54.56 फीसदी मतदान हुआ।
सबसे कम 16.08 फीसदी मतदान प्राइमरी स्कूल गुरगांव में हुआ। यहां 1113 मतदाताओं में से 179 ने ही वोट डाले। इसी गांव में नौ करोड़ से ज्यादा लागत से बने पशु चिकित्सा पॉली क्लिनिक का दिसंबर 2023 में उद्घाटन करने जा रहे पशुधन मंत्री का काफिला पिपरिया उपराला में सड़क पर छुट्टा पशुओं को खड़ा कर रोक लिया गया था। हालांकि इसी बूथ के कमरा नंबर 2 पर 25.61 फीसदी मतदान हुआ। यहां 816 मतदाताओं में से 209 ने वोट डाले। दूसरे गांवों के कुछ बूथों पर औसत से काफी ज्यादा वोट पड़ा।
प्राइमरी स्कूल शाहपुर मुस्तकिल में 284 वोटर में से 205 ने मतदान किया। कंपोजिट स्कूल पृथ्वीपुर के कमरा नंबर एक में 470 में से 370 लोगों ने वोट डालकर सर्वाधिक 78.72 प्रतिशत मतदान का रिकॉर्ड बनाया। जूनियर हाईस्कूल लिलौर सहसा में 42.52 फीसदी ही मतदान हुआ। प्राइमरी स्कूल क्योना सूरतपुर के कमरा नंबर एक में 72.17 फीसदी मतदान हुआ। प्राइमरी स्कूल गौटिया मजरा किशनपुर में कमरा नंबर एक में 72.98 फीसदी मतदान हुआ।
ये भी पढ़ें- Bareilly news: फर्जी दस्तावेज लगाकर बैंक से लिया 24 लाख का लोन, SSP के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
