Farrukhabad News: तालाब के दलदल में फंसा युवक, पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर बाहर निकाला
फर्रुखाबाद में तालाब के दलदल में युवक फंस गया
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। कायमगंज क्षेत्र के तालाब में दलदल में एक युवक फंस गया। जितना उसने निकलने का प्रयास किया उतना दलदल में समाता गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर उसे बाहर निकाला।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नोनियमगंज स्थित तालाब जिसमें कचरा भरा होने के कारण दलदल जैसा बन गया है । किसी तरह भटक कर एक युवक इसी तालाब के दलदल में जाकर फंस गया। युवक ने काफी प्रयास किया लेकिन वह बाहर आने की बजाय दलदल में और धसता गया।
संयोग से उसी समय नोनियमगंज निवासी आशू भारद्वाज ने उसे देख लिया। स्थिति की गंभीरता से आशू ने डायल पुलिस 112 को सूचना दी। बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे डायल 112 के आरक्षी अजीत सिंह तथा होमगार्ड जवान राम प्रवेश ने दलदल में फंसे युवक को निकलने का प्रयास शुरू कर दिया।
इसी बीच मंडी चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार कश्यप भी वहां पहुंच गए। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने दलदल में फंसे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर निकालने के बाद पूछे जाने पर युवक ने अपना नाम नेत्रपाल निवासी बगिया मंगूलाल कायमगंज बताया। दलदल से निकाले गए युवक को पुलिस नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
