Hamirpur News: PHC बना अखाड़ा...डॉक्टरों में जमकर हुई मारपीट, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
हमीरपुर में पीएचसी में डॉक्टरों के बीच जमकर मारपीट हुई
हमीरपुर, सुमेरपुर, अमृत विचार। कस्बे में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दो डॉक्टरों के मध्य जंग का अखाड़ा बन गया। एक सीनियर डॉक्टर ने जूनियर को कई थप्पड़ रसीद कर दिए। इसमें चीफ फार्मासिस्ट ने अहम भूमिका अदा की। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने इस विवाद को आपसी विवाद बताकर स्वतः हल करने का दावा किया है। वहीं पीटने व पिटने वाले डॉक्टर ने किसी भी विवाद से इनकार किया है। वहीं अमृत विचार डॉट कॉम ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ.तरुण पाल एवं डॉ. बिन्देश वर्मा की तैनाती है। दोनों एक ही आवास में रहते हैं। शुक्रवार रात करीब नौ बजे दोनों का आपस में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इस पर डॉ.तरुण पाल ने डॉ.बिन्देश वर्मा को थप्पड़ों से मारना शुरू कर दिया। इसी बीच चीफ फार्मासिस्ट ब्रजेन्द्र सिंह भी आ धमके और डॉ.तरुण पाल को मारने के लिए उकसाते नजर आए।
सुबह मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। दोनों डॉक्टरों एवं फार्मासिस्ट ने घटना से इंकार किया है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि रात में डॉक्टरों के मध्य मारपीट की घटना की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी लेकिन उन्होंने स्वतः समझौता कर लिया था। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों डॉक्टर रूम पार्टनर हैं। दोनों से वार्ता की गई है। दोनों ने विवाद से इनकार किया है। साथ ही लिखित में विवाद न होने की बात भी कही है।
ये भी पढ़ें- Kannauj: तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, चचेरे भाइयों की मौत, परिजनों में मची चीख पुकार
