Kannauj: तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, चचेरे भाइयों की मौत, परिजनों में मची चीख पुकार
कन्नौज, अमृत विचार। जीटी रोड बाईपास मानपुर चौराहा नर्सिंगहोम के निकट अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इससे बाइक सवार चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिये।
सदर कोतवाली के मोहल्ला सरायमीरा बजरिया निवासी चचेरे भाई धर्मेंद्र शर्मा उर्फ टीटू(40) पुत्र शिव प्रसाद व टीटू शर्मा (37) पुत्र सोनेलाल शर्मा शनिवार को शाम करीब चार बजे एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से गोलकुआं रोड होते हुए मानपुर चौराहे से जीटी रोड बाईपास से जिला अस्पताल की ओर जा रहे थे। जैसे ही बाइक नर्सिंग होम के निकट पहुंची अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
दुर्घटना में दोनों भाइयों के सिर में गंभीर चोट आई। सूचना पर पहुंची पाल चौराहा पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। दुर्घटना में दोनों की मौत होने की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गये। बताया जाता है कि दोनों भाइयों की शादी हो चुकी है। बच्चे भी हैं।
चौकी सीमा विवाद में नहीं भरा पंचायतनामा
सदर कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड बाईपास मानपुर चौराहा नर्सिंगहोम के निकट हुई दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौत के बाद शव पोस्टमार्टम हाउस की मर्चरी में रखवा दिये गये। पाल चौराहा चौकी प्रभारी ओमपाल सिंह पुण्डरीक व मंडी चौकी प्रभारी धीरेंद्र कुमार ने एक दूसरे के क्षेत्र में दुर्घटना होने की बात कह कर पंचायतनामा भरने से इंकार कर दिया। इसीलिये शाम सात बजे तक न तो मृतकों का पंचनामा पाल चौराहा चौकी पुलिस ने भरा न ही मंडी चौकी पुलिस ने। इससे दोनों के शव पोस्टमार्टम हाउस में ही रखे रहे, जबकि दुर्घटना करीब चार बजे हुई थी।
