बहराइच: सपा जिलाध्यक्ष के आरोप का दिखा असर
बौंडी थानाध्यक्ष हुए लाइन हाजिर
बहराइच, अमृत विचार। बौंडी थानाध्यक्ष पर आरोप लगाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के मामले का असर हुआ है। आयोग के निर्देश पर बौंडी थानाध्यक्ष को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है।
बौंडी थानाध्यक्ष अंजनी कुमार राय पर सत्ता पक्ष का साथ देने और अवकाश लेने के बाद भी सर्विस रिवाल्वर के साथ जौनपुर में स्टॉफ के साथ जाने का आरोप लगा था। इसके लिए शनिवार को सपा जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए आयोग और जिला प्रशासन पर सवाल उठाए थे। इस खबर को अमृत विचार पोर्टल और अखबार ने प्रमुखता से लिखा।
साथ ही आयोग ने सपा जिलाध्यक्ष के आरोप को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष को हटाने के निर्देश दिए। आयोग के निर्देश पर बौंडी थानाध्यक्ष अंजनी कुमार राय को एसपी वृंदा शुक्ला ने लाइन हाजिर कर दिया है। जबकि उनके स्थान पर बौंडी थाने के अपराध निरीक्षक ज्ञान सिंह को थानाध्यक्ष बनाया है।
