कासगंज: नियमों के उल्लंघन पर वाहन चालकों के विरुद्ध की गई कार्यवाही, जिले भर में चलाया चेकिंग अभियान
कासगंज,अमृत विचार: रविवार को यातायात पुलिस ने जिले भर में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। 94 चार पहिया और दो पहिया वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर टीएसआई लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में जिले में यातायात पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। शहर और कस्बों में नियमों की परवाह किए बगैर वाहन दौड़ा रहे चालकों पर कार्यवाही की गई। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडर्स के अलावा बुलेट की साइलेंसर मोडिफाई कर वाहन चला रहे चालकों के चालान काटे गए।
शहर के अमांपुर, रोड, मालगोदाम चौराहा, मिशन चौराहा, नदरई तिराहा, बस स्टैंड, अमांपुर चौराहा, कासगंज-सोरों मार्ग, बाइपास पर पुलिस ने संघन चेकिंग अभियान चलाया। टीएसआई ने बताया कि अभियान के दौरान नियमों के उल्लंघन पर 94 चार पहिया और दो पहिया वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए इनके ऑनलाइन चालान काटे गए हैं। उन्होने बताया कि चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात के नियमों को बताकर उनके पालन की अपील की।
ये भी पढ़े- कासगंज: सड़क हादसों की घटनाओं में आधा दर्जन घायल, दो को किया रेफर
