लखनऊ समेत 13 एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
सीआईएसएफ के पास आया ईमेल, 12 अन्य एयरपोर्ट का भी जिक्र
अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। रविवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल कार्यालय (सीआईएसएफ) के पास ई-मेल भेजकर धमकी दी गई। ई-मेल मिलते ही सुरक्षा एजेसिंयों के साथ एयरपोर्ट प्रशासन भी सक्रिए हो गया।
तत्काल बम विरोधक दस्ते को बुलाकर सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन एयरपोर्ट परिसर में कहीं कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत भरी सांस ली। हालांकि, धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की एजेसिंयां जांच-पड़ताल में जुटी हैं.
सूत्रों की मानें तो, रविवार शाम करीब चार बजे केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ ) कार्यालय को एक ईमेल भेजा गया। जिसमें लखनऊ समेत 13 एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। चौधरी चरण सिंह अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के अलावा दिल्ली और जयपुर एयरपोर्ट का नाम शामिल है। ई-मेल मिलते ही एयरपोर्ट की सुरक्षा में लगी सुरक्षा एजेसियों में हड़कम मच गया। तत्काल सुरक्षाकर्मियों को सतर्कता से सघनता से चेकिंग करने लगे।
इसके बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और चंद मिनट में एयरपोर्ट परिसर छावनी में तब्दील हो गया। घंटों चले सर्च अभियान के बाद एयरपोर्ट परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। प्रथम दृष्टया में यह सामने आया कि यह फर्जी ईमेल है। मेल कहां से किया गया, इसकी जांच सुरक्षा एजेसिंया कर रही हैं. उल्लेखनीय है कि इससे पहले राजधानी के स्कूलों को भी उड़ाने की धमकी दी गई थी।
लखनऊ एयरपोर्ट को बम से उड़ने की धमकी के बीच गृहमंत्री अमित शाह का रायबरेली में रैली के बाद वापसी का समय भी हो गया था। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां विशेष तौर पर सतर्क नजर आईं। गृहमंत्री अमित शाह लगभग 6 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुए तब जाकर सुरक्षा एजेंसियों ने चैन की सांस ली।
