बरेली: विवाहिता की मौत, जहर देकर मारने का आरोप...पिता ने दर्ज कराई ससुरालियों पर रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रास्ते में शव छोड़कर भागे ससुराली

बहेड़ी, अमृत विचार : बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव पचपेड़ा में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है।

उत्तराखंड के थाना पुलभट्टा अंतर्गत गांव बरी निवासी नबी अहमद की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि दो साल पहले उन्होंने बेटी सैफा का निकाह गांव पचपेड़ा, हालिया पता किच्छा की आवास विकास काॅलोनी निवासी शहबाज से किया था। आरोप है कि, पर्याप्त दहेज देने के बावजूद बेटी के ससुराल वाले खुश नहीं थे। शहबाज, उसकी मां, बड़ा भाई और उसके बहन- बहनोई आए दिन दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। बेटी की शिकायत पर कई बार उन्हें समझाया भी गया पर बेअसर हुआ।

नबी अहमद के अनुसार, रविवार सुबह करीब दस बजे बेटी के ससुर रईस अहमद ने उसके जहर खा लेने और इलाज के लिए भोजीपुरा के अस्पताल लेकर जाने की सूचना दी तो वे पत्नी और दो बेटों के साथ अस्पताल के लिए दौड़े। रास्ते में जानकारी करने पर बताया गया कि सैफा की मौत हो गई है। देवरनियां आने पर जैसे ही वाहन रूकवाया, आरोप है कि बेटी के ससुराली शव को छोड़कर भाग गए। शव को स्थानीय सरकारी अस्पताल लाकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया। तहरीर में पति शहबाज़, जेठ शहजाद, ननद नेहा, ननदोई मो. इरफान व सास हनीफ़ा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

हफ्ता भर पहले ही गांव आया था शहबाज
किच्छा की आवास विकास कालोनी में मकान बनवाने के बाद रईस अहमद का परिवार अधिकांश समय वहीं रहता है। करीब हफ्ता भर पहले ही शहबाज पत्नी सैफा के साथ गांव पचपेड़ा आया था। आरोप है कि सैफा की हत्या करने के इरादे से ही उसे यहां भेजा गया। शहबाज़ भिलैय्या अड्डे पर मेडिकल स्टोर चलाता है और पिता नजदीक के ही एक गांव में झोलाछाप है। मृतका सैफा को एक सालभर का बेटा हैं। सीओ बहेड़ी अरूण कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढे़ं- बरेली: जिन विद्यालयों का गिरा परीक्षाफल, उनसे पूछी जाएगी वजह... स्कूलों की तैयार हो रही सूची

संबंधित समाचार