अमेठी में पूर्व एमएलसी दीपक सिंह पर FIR दर्ज, BJP कार्यकर्ता ने लगाया ये बड़ा आरोप 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमेठी, अमृत विचार। रविवार देर शाम चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। कुछ देर कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल गया। पूर्व कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह और उनके सहयोगियों ने कई भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी। घटना के बाद पीड़ित भाजपा कार्यकर्ताओं की तहरीर पर भाले सुल्तान थाने में पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, भरत सिंह और दो अज्ञात के खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच जुटी हुई है।

पूरा मामला भाले सुल्तान थाना क्षेत्र के थौरी चौराहे का है, जहां रविवार देर शाम कांग्रेस प्रत्याशी केएल शर्मा अपने दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ रानीगंज में प्रचार करने गए थे। प्रचार के बाद कांग्रेस प्रत्याशी कार्यकर्ताओं के साथ रोड शो करने लगे। जब कांग्रेस प्रत्याशी का रोड शो थौरी के पास पहुंचा तो वहां पर भाजपा नेता राजेश्वर प्रताप सिंह, सुनील सेठ सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

नारेबाजी में भिड़े भाजपा और कांग्रेसी कार्यकर्ता
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गाड़ी से उतरते ही दीपक सिंह और शादीपुर गांव के भरत कुमार स्मृति ईरानी मुर्दाबाद और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। इसका विरोध करने पर भाजपा कार्यकर्ता सुनील सेठ, अभिषेक और हरि प्रसाद से कहासुनी होने के बाद मारपीट शुरू हो गई थी। मारपीट में भाजपा कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। 

भाजपा कार्यकर्ता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज
रविवार देर रात भाजपा कार्यकर्ता सुनील सेठ की तहरीर पर कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह और भरत कुमार के खिलाफ भाले सुल्तान थाने में धारा 323,325,352 और 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, एक अन्य हरी प्रसाद पासी की तहरीर पर सलमान और सराफत के खिलाफ हरिजन एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है। भाले सुल्तान एसएचओ राजकुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें - हरदोई के उद्यमी सजीव अग्रवाल ने परिवार के साथ किया मतदान, कहा-सभी को देना चाहिए वोट

संबंधित समाचार