Jalaun: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बोले- जिन लोगों ने राम मंदिर का आमंत्रण ठुकराया, उन्हें वोट से ठुकराएं...
कांग्रेस और सपा के दोनों नेता कन्नौज और रायबरेली से हारेंगे- डिप्टी सीएम
जालौन, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा जिन लोगों ने अयोध्या में प्रभुश्री राम जन्म मंदिर का आमंत्रण ठुकराया, उसी तरह इस बार के चुनाव में जनता उन्हें वोट से ठुकराने का काम करेगी।
मौर्य सोमवार को यहां स्व. बहादुर सिंह महाविद्यालय के प्रांगण माधौगढ़ में भाजपा प्रत्याशी भानुप्रताप वर्मा के पक्ष में जनसभा कर रहे थे। मौर्य ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण समेत भाजपा की केंद्र सरकार की उपलब्धियों का सिलसिले बार बखान किया।
उन्होंने महिलाओं, नौजवानों, बुजुर्गों, छात्रों से भावनात्मक रूप से जुड़ते हुए कहा कि डिफेंस कॉरिडोर बनने के बाद सैकड़ों उद्योगपति बुंदेलखंड में पूंजी निवेश के लिए आतुर दिखाई दे रहे हैं। इससे बुंदेलखंड के नौजवानों के लिए रोजगार की अपार संभावनाएं बनती दिखाई दे रही हैं।
बुंदेलखंड के लोगों को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। कहा कि स्मार्ट सिटी बनाने में बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद अब नरेंद्र मोदी सरकार ने स्मार्ट गांव बनाने की योजना तैयार की है। मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद 3 करोड़ और गरीबों को पक्के मकान की सौगात देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इंडिया गठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा के दोनों नेता कन्नौज और रायबरेली से हारने जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी भानू प्रताप वर्मा को ऐतिहासिक जीत दिलाने का कार्यकर्ताओं से हाथ उठवाकर संकल्प दिलाया। सभा को माधोगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, भाजपा की जिला अध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने संबोधित किया।
