रामपुर: सुबह से ही चढ़ा पारा, सूरज की तपिश से बेचैन रहे लोग
गर्मी बढ़ने पर बढ़ा ठंडे पेय पदार्थो का कारोबार
रामपुर, अमृत विचार। पूरे दिन आसमान से सूरज तपिश बरसाता रहा और पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह 10 बजे से सूरज की तपिश से लोग बेचैन रहे, गर्म हवा चलना शुरू हो गईं। मौसम वैज्ञानिक अभी और गर्मी बढ़ने के आसार जता रहे हैं। गर्मी बढ़ने से ठंडे पेय पदार्थों का कारोबार बढ़ गया है। मंगलवार की दोपहर को लोगों ने गला तर करने के लिए बेल का शर्बत और गन्ने का जूस पिया।
मंगलवार की सुबह 10 बजे के बाद से तापमान काफी चढ़ गया। सुबह 10:40 बजे अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि आर्द्रता 40 प्रतिशत रहने से उमस का एहसास नहीं हुआ। हालांकि, सुबह घर से निकलते ही गर्म हवा के थपेड़े मुहं पर लगने लगे। सुबह 10 बजे से मौसम काफी गरम होना शुरू हो गया। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अभी गर्मी और बढ़ने के आसार हैं। दिनों-दिन गर्मी बढ़ती जा रही है और पूरा दिन सूर्य देव आग बरसा रहे हैं। मई शुरू होते ही सड़क पर निकलने पर गर्म हवा के थपेड़े मुहं पर पड़ रहे हैं। चिलचिलाती धूप और गरम हवा के कारण ठंडे पेय पदार्थो का कारोबार बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिक डा. उदय प्रताप शाही ने बताया कि अगले पांच दिन में तापमान और बढ़ेगा।
घरों से सिर पर तौलिया या छाता लेकर निकलें
जिला अस्पताल के फिजीशियन डा. दशरथ सिंह ने कहा कि घरों से निकलने से पहले अपने सिर पर तौलिया डालें या छाता लेकर निकलें। गर्मी अधिक हो रही है ऐसे में एहतियात बरतें। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में पानी पीते रहें प्रतिदिन पांच लीटर पानी पीना जरूरी है। गर्मी के मौसम में बच्चों को धूप में नहीं निकलने दें वर्ना वे बीमार हो सकते हैं।
हाल-ए-मौसम
अधिकतम तापमान- 40 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 23 डिग्री सेल्सियस
आर्द्रता- 405 प्रतिशत
वायु वेग-10 किमी. प्रति घंटा
अगले पांच दिन में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दिन का तापमान दो से तीन डिग्री और बढ़ सकता है। रात्रि का तापमान 24 से 27 डिग्री तक जाने से कुछ स्थानों पर लू चलने के आसार हैं-डा. उदय प्रताप शाही, मौसम वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालय मेरठ।
ये भी पढ़ें- रामपुर: रंजिश के चलते लाठी-डंडों से पीटा, रिपोर्ट दर्ज
