गोंडा : दुकान बंद कर घर जाने के लिए निकला युवक रास्ते से लापता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पिता ने लगाया अपहरण का आरोप, गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर युवक की तलाश में जुटी पुलिस 

परसपुर, गोंडा, अमृत विचार : परसपुर थाना क्षेत्र के मोहना चौराहे पर कॉस्मेटिक की दुकान करने वाला एक युवक सोमवार की रात अचानक लापता हो गया। परिजन रात भर उसकी तलाश करते रहे लेकिन उसका पता नहीं चल सका। लापता युवक के पिता ने तरबगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले कुछ लोगों पर उसके बेटे का अपहरण करने का आरोप लगाया है और थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने गुमसुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। 


परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम छतौनी का रहने वाला इंतजार (25) मोहना चौराहे पर कॉस्मेटिक व चप्पल जूते की दुकान करता है। परिजनों का कहना है प्रतिदिन की तरह सोमवार को भी इंतजार अपनी दुकान पर था। रात करीब 9.30 बजे दुकान बंद करने के बाद वह घर लौट रहा था लेकिन वह घर नहीं पहुंचा‌। वह रास्ते से ही लापता हो गया।

काफी देर हो जाने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की और उसकी खोजबीन करते हुए मोहना स्थित दुकान पर पहुंचे तो आसपास के लोगों ने बताया कि वह दुकान बंद कर जा चुका है। यह जानकर परिवार वालों के होश उड़ गए। इंतजार के पिता तस्लीम ने इसकी जानकारी पुलिस को दी और तरबगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले कुछ लोगों द्वारा बेटे का अपहरण किए जाने की आशंका जतायी लेकिन पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय युवक के गुमसुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर परिजनों को वापस कर दिया।

मंगलवार को तस्लीम ने पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल से मिलकर घटना की जानकारी दी और अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की।एसपी ने परसपुर पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया।  प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार शुक्ल ने बताया कि मामले में रात में ही गुमशुदगी दर्ज कर ली गयी है।युवक की तलाश में पुलिस टीम लगी है।

 

संबंधित समाचार