बदायूं: तीन बहनों को बचाने की कोशिश में गंगा में डूबा सगा भाई, तलाश जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कछला,अमृत विचार: परिजनों के साथ स्नान करने के लिए कछला गंगा घाट आया किशोर गंगा में डूबती अपनी तीन बहनों को बचाने की कोशिश में डूब गया। घाट पर चीख पुकार मच गई। गोताखोर गंगा में कूद गए। तीनों बहनों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया लेकिन किशोर का पता नहीं चल सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने और गोताखोर बुलाकर किशोर की तलाश कराई। फ्लड पीएसी और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया। फिर भी किशोर नहीं मिला। गुस्साए परिजनों ने गोताखोरों पर लेटलतीफी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। 

जिला कासगंज के मोहल्ला श्रीगणेश नगर निवासी धर्मेंद्र गंगा सप्तमी पर गंगा स्नान करने लिए मंगलवार को कछला स्थित भागीरथी घाट आए थे। स्नान के दौरान धर्मेंद्र की बेटी रिया (18), सिया (13) और चचेरी बहन पायल (18) पुत्री मूलचंद गंगा में डूबने लगीं। धर्मेंद्र के बेटे पीयूष (14) ने उन्हें बचाने का प्रयास किया तो वह भी डूब गए।

घाट पर मौजूद परिजनों ने शोर मचाया। घाट पर मौजूद गोताखोर और नाविक गंगा में घूस गए। रिया, सिया और पायल को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। पीयूष का पता नहीं चला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। 

कछला चौकी के इंचार्ज हरवीर सिंह मौके पर पहुंचे। गोताखोरों के तलाश करने के बाद भी पीयूष का पता नहीं चला तो फ्लड पीएसी और एसडीआरएफ की टीम बुलाई। टीम ने भी गंगा में पीयूष को तलाशना शुरू किया। लेकिन देर शाम तक पीयूष का कुछ पता नहीं चल सका।

परिजनों ने गोताखोरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि रुपयों के लालच में उन्होंने पीयूष की सही से तलाश नहीं किया। परिजनों ने गंगा पुल पर हंगामा किया। जिसके चलते वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। बुधवार को फिर से गंगा में पीयूष की तलाश की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बदायूं: जमीन के विवाद में युवक की हत्या, हादसा दर्शाने को खंती में फेंका था शव

संबंधित समाचार