प्रतापगढ़ : पीएम मोदी की जनसभा में अभेद्य सुरक्षा के इंतजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जीआईसी ग्राउंड पर माहौल बनाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रतापगढ़ अमृत विचार : पांचवें चरण के लिए कौशाम्बी लोकसभा क्षेत्र में 20 मई व प्रतापगढ़ संसदीय सीट पर छठवें चरण में 25 मई को मतदान होगा। भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए 16 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जीआईसी मैदान पर आ रहे हैं। अभेद्य सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। वह पांच चक्रीय सुरक्षा में रहेंगे।

शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में 16 मई को आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभेद्य सुरक्षा घेरे में रहेंगे। जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा कवच रहेगा। पांच चक्रीय सुरक्षा प्लान इस कदर अभेद्य है कि परिंदा भी पर न मार सकेगा। भाषण के समय प्रधानमंत्री एसपीजी के घेरे में रहेंगे तो एसपीजी स्नाइपर्स से लेकर एटीएस कमांडो, स्पेशल एसआई टीम और अंतिम घेरे में स्थानीय पुलिस मौजूद रहेगी। सुरक्षा में लगे अफसर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे मैदान और हैलीपैड की पल-पल की गतिविधियों पर आंखें गड़ाए रहेंगे।

स्थान तय होने के बाद से ही मंडल से लेकर जिलास्तर तक के अधिकारी सुरक्षा की रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। इसमें प्रधानमंत्री के आगमन, उनका गाड़ी में बैठना, मंच पर पहुंचना, वहां से वापस लौटना, फिर गाड़ी में सवार होना और हैलीपैड स्थल तक जाने के साथ रूट डायवर्जन और पार्किंग को लेकर रिहर्सल किया जा रहा है। पीएम की सुरक्षा में एसपीजी, स्नाईपर्स, कमांडो, पीएसी और स्थानीय पुलिस रहेगी। सभास्थल की 100 से 200 मीटर की परिधि में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी।

मंडलायुक्त प्रयागराज, एडीजी भानु भाष्कर समेत आला अधिकारियों ने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड व जीआईसी का भ्रमण कर जायजा लिया। डीएम संजीव रंजन व एसपी सतपाल अंतिल ने मंगलवार को व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को निर्देश देते रहे। सुरक्षा समेत अन्य बिंदुओं पर गहराई से नजर रखने को कहा। एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि पीएम की सुरक्षा अभेद्य रहेगी। एसपीजी के अलावा चार स्तर पर सुरक्षा टीम तैनात रहेगी। सुरक्षा के जरूरी प्रबन्ध लगभग पूर्ण कर लिए गए हैं।

पीएम के आगमन को महिला अस्पताल में बनाया गया सेफ हाउस

प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने महिला अस्पताल में सेफ हाउस बनाया है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग में तीन टीमें बनाई है। प्रत्येक टीम में चार डॉक्टर सहित सात स्टाफ होंगे। प्रधानमंत्री 16 मई को जीआईसी में चुनावी जनसभा करेंगे। इसके लिए महिला अस्पताल में सेफ हाउस बनाया गया है।इसमें दो वार्ड आरक्षित किए गए हैं। ट्रीटमेंट वार्ड तथा पोस्ट  ट्रीटमेंट वार्ड।

स्वास्थ्य विभाग की एक टीएम हेलीपैड पर रहेगी, दूसरी सभा स्थल पर तथा तीसरी प्रधानमंत्री की फ्लीट के साथ। इसके साथ ही सभा स्थल पर पहुंचने वाले लोगों के इलाज के लिए भी स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रहेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जी एम शुक्ला ने बताया कि। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयारहै। बनाई गई तीन टीमों में चार डॉक्टर सहित सात कर्मचारी रहेंगे।

 

संबंधित समाचार