बरेली: महिलाओं पर ही परिवार नियोजन की जिम्मेदारी, नसबंदी का 60 फीसदी भी लक्ष्य पूरा नहीं कर पा रहा पुरुष
बरेली, अमृत विचार: जिले में परिवार नियोजन की जिम्मेदारी महिलाओं पर ही है। नसबंदी के मामले में महिलाओं की तुलना में पुरुष पीछे हैं। स्वास्थ्य विभाग पुरुष नसबंदी का 60 फीसदी लक्ष्य भी पूरा नहीं कर पा रहा है।
शासन ने स्वास्थ्य विभाग को वर्ष 2022-23 में 45 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य दिया था। जिसके सापेक्ष महज 25 पुरुषों ने ही नसबंदी कराई, जबकि महिला नसबंदी का लक्ष्य 4431 था, जिसके सापेक्ष 3925 महिलाओं ने नसबंदी कराई। वर्ष 2023-24 में भी महिला और पुरुष नसबंदी का यही लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 4293 महिलाएं नसबंदी करा चुकी है। पुरुषों की नसबंदी का आंकड़ा सिर्फ 20 है।
भ्रांतियों के कारण नसबंदी कराने से कतराते हैं पुरुष
परिवार नियोजन के जिला समन्वयक डॉ. अरुण पांडेय ने बताया कि नसबंदी कराने पर महिलाओं की तुलना में पुरुषों को अधिक प्रोत्साहन राशि दी जाती है। महिलाओं दो और पुरुषों को तीन हजार रुपये मिलते हैं। भ्रांतियों के कारण पुरुष नसबंदी कराने से कतराते हैं। उन्हें लगता है कि नसबंदी कराने के बाद फिजिकल रिलेशन में समस्या आ सकती है, जबकि ऐसा कुछ नहीं है, जबकि नसबंदी साधारण प्रक्रिया है, जिससे पुरुषों को किसी भी तरह की समस्या नहीं होती है।
यह भी पढ़ें- बरेली: किसान आंदोलन...मुरादाबाद मंडल की 66 ट्रेनें 16 मई तक डायवर्ट
