Bareilly News: बदमाशों के हौसले बुलंद, सरेशाम दंपति से लूटपाट...विरोध करने पर पत्नी की गोली मारकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुनका/बरेली, अमृत विचार। शाही थाने की दुनका पुलिस चौकी से सात सौ मीटर दूरी पर नकाबपोश बदमाशों ने मंगलवार को सरेशाम बाइक पर जा रहे दंपती से लूटपाट की। लूटपाट का 23 वर्षीय पत्नी ने विरोध किया तो बदमाशों ने दो गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी। 

शाम सात बजे हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। घटनास्थल पर इकट्ठा हुए करीब 10 गांवों के सैकड़ों लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर शीशगढ़-धनैटा रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। पुलिस-प्रशासन के अफसर काफी मशक्कत कर करीब चार घंटे बाद जाम खुलवा पाए।

शाही के गांव बकैनिया में रहने वाले राजकुमार की 10 महीने पहले ही शीशगढ़ के गांव मल्सा खेड़ा की हेमलता से शादी हुई थी। खेतीबाड़ी करने वाले राजकुमार मंगलवार को अपनी ससुराल गए थे जहां से शाम पांच बजे बाइक पर पत्नी हेमलता को लेकर घर के लिए निकले।

रास्ते में कुछ खरीदारी करने के बाद राजकुमार ने दुनका के पास इंडियन पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल भरवाया और उसके बाद शाम करीब सात बजे कच्चे चक रोड से अपने गांव बकैनिया लौट रहे थे। कुछ ही दूर आगे नहर के पास बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और बाइक रुकवा ली।

राजकुमार के मुताबिक बदमाशों ने तमंचे के जोर पर लूटपाट शुरू कर दी। उनकी जेबें खाली कराने के बाद हेमलता से जेवर उतरवाने लगे। इसी दौरान हेमलता ने विरोध किया तो उसे दो गोली मार दीं। एक गोली सीने और दूसरी गर्दन में लगी। हेमलता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद बदमाश भाग निकले।

सरेशाम हुई इस वारदात की खबर फैली तो आसपास के 10 से ज्यादा गांवों के हजारों लोग मौके पर इकट्ठे हो गए। भीड़ ने शीशगढ़-धनैटा रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर जाम लगा दिया। दुनका पुलिस चौकी को भी घेरकर पुलिस के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारे लगाए।

हालात बिगड़े तो बुलाना पड़ा कई थानों से फोर्स, लोगों की अफसरों से हुई नोकझोंक
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान और एसपी देहात मुकेश चंद मिश्रा समेत पुलिस के कई अधिकारी रात करीब नौ बजे मौके पर पहुंचे। इस दौरान सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा थी। पुलिस अफसरों ने गुस्साए लोगों को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की लेकिन वे सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। हालात बेकाबू होते देख मीरगंज सर्किल के अलावा दूसरे थानों की भी फोर्स बुला ली गई। इस बीच लोगों की अफसरों से नोकझोंक होती रही और वे शव न उठने देने पर अड़े रहे। काफी समझाने के बाद रात करीब 12 बजे जाम खुल पाया।

ये भी पढे़ं- नाथ नगरी: जितने आते हैं पर्यटक, उतना ही मिलेगा बजट...सर्वे कराने की तैयारी शुरू

 

 

संबंधित समाचार