बरेली: पत्नी का अपहरण कराया, कार में बंद कर लगवा दी आग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पति ने उम्र में 10 वर्ष बड़ी पत्नी को ठिकाने लगाने के लिए अपने साथियों से मिलकर अपहरण करा दिया। पति के साथियों ने जिंदा जलाने की नीयत से कार में आग लगा दी। वहीं, आरोपी पति ने अपहरण का शोर कर दिया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। …

बरेली, अमृत विचार। पति ने उम्र में 10 वर्ष बड़ी पत्नी को ठिकाने लगाने के लिए अपने साथियों से मिलकर अपहरण करा दिया। पति के साथियों ने जिंदा जलाने की नीयत से कार में आग लगा दी। वहीं, आरोपी पति ने अपहरण का शोर कर दिया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। घटना की सूचना पर सीओ बहेड़ी और बहेड़ी थाने की पुलिस ने एक गांव के पास से जलती कार से महिला को सकुशल बचा लिया। वहीं, आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसके दो साथी फरार हो गए हैं।

पकड़े गए आरोपी शुभम लोहित ने पुलिस को बताया कि वह गाजियाबाद के 27 ब्लॉक ए थाना सिहानी का रहने वाला है। वर्तमान में उत्तराखंड के नैनीताल के थाना भवाली स्थित गांव नगारी में रहता है। उसकी पत्नी शिवांगी लोहित उम्र में उससे 10 वर्ष बड़ी है। वह आए दिन घर में विवाद करती रहती है। इसलिए उसे ठिकाने लगाने के लिए अपहरण कर जिंदा जलाकर मारने की साजिश रची थी।

वह शुक्रवार देर रात शिवांगी को लेकर नैनीताल रोड पर गया। रास्ते में उसे जूस पिलाया जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। पत्नी बेहोश हो गई। इसके बाद वह बहेड़ी क्षेत्र में नैनीताल रोड पर स्थित भोलेशंकर ढाबा पर कार से गया। वहां बच्चे को लेकर कार से नीचे उतर गया और पत्नी को कार में छोड़ दिया। इस दौरान उसने कार स्टार्ट ही छोड़ दी थी। इसी बीच दो युवक एक बाइक पर आए और कार लेकर भाग निकले। तभी शुभम ने साजिश के तहत शोर मचाना शुरू कर दिया कि उसकी पत्नी का अपहरण हो गया है।

ढाबे पर मौजूद किसी व्यक्ति ने यूपी 112 को सूचना दे दी। इसके बाद पूरे जिले की पुलिस को एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने अलर्ट कर दिया। एसपी देहात डॉ. संसार सिंह के निर्देश पर सीओ बहेड़ी और थाना पुलिस हरकत में आ गई। नैनीताल रोड पर पुलिस ने कार का पीछा शुरू कर दिया। आमडांडा गांव के पास पुलिस को एक कार जलती दिखाई दी। पुलिस ने कार से शिवांगी लोहित को सकुशल निकाल लिया। इसके बाद पुलिस को शिवांगी ने पूरा घटनाक्रम बताया। पत्नी के सामने शुभम ने भी अपना गुनाह स्वीकार कर लिया।

हत्या में शामिल जेठ व एक अन्य फरार
पुलिस ने शुभम से पूछताछ की तो उसने बताया कि इस साजिश में उसका बड़ा भाई शशांक लोहित व पसौड़ा थाना साहिबाबाद, गजियाबाद निवासी प्रशांत भी शामिल था। वे दोनों भाग गए हैं।

तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
पुलिस ने शशांक लोहित, प्रशांत और शुभम लोहित के खिलाफ हत्या, साजिश रचने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी उसे कई बार मारने की साजिश कर चुका था लेकिन उसे आज मौका मिल गया। इसके बाद उसने अपने साथी और भाई के साथ मिलकर उसे जान से मारने के लिए साजिश रची थी।

संबंधित समाचार