Health Tips: आपको भी तो नहीं है डेंगू?, जान लें लक्षण...ऐसे करें बचाव
बरेली, अमृत विचार। डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 16 मई को डेंगू दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह द्वारा डेंगू रोग से बचाव हेतु जानकारी दी गई। जिसमें उन्होंने डेंगू के लक्षण जैसे बहुत तेज बुखार, नाक-मसूड़े से खून निकलना, शरीर पर लाल चकत्ते आदि होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क डेंगू की जांच कराने के लिए कहा।
साथ ही यह भी बताया कि डेंगू रोग से कैसे बचाव किया जाए। जैसे कि घर के अंदर कहीं भी पानी एकत्रित ना होने दें, कूलर सप्ताह में साफ करने के उपरांत उपयोग करें, फ्रिज की ट्रे के पानी को हर सप्ताह साफ करें। डेंगू बुखार मादा एडीज मच्छर के काटने से होता है एवं यह मच्छर साफ पानी में पैदा होता है।
इसी क्रम में डेंगू दिवस के अवसर पर ग्राम पीपरिया में स्कूल के बच्चों के साथ ड्रॉइंग प्रतियोगिता, जन जागरूकता रैली एवं ग्राम में लार्वा विनष्टीकरण का कार्य कराया गया। इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह, फैमिली हेल्थ इंडिया के क्षेत्रीय समन्वयक दुर्गेश अग्रवाल, मलेरिया निरीक्षक गुलशन गुप्ता एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Health Tips: अगर आप भी मोटापे से हैं परेशान, मखाने को अपनी डाइट में जरूर करें शामिल
