कासगंज: DPO ने आंगनबाड़ी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, पुष्टाहार वितरण में धांधली की जताई आशंका
कासगंज, अमृत विचार: डीपीओ ने गुरुवार को जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। पुष्टाहार वितरण में धांधली की आशंका व्यक्त की है। अधिकांशत: आंगनबाड़ी केंद्रों पर अभिलेख अपूर्ण मिले। आंगनबाड़ी कार्यकत्री के मानदेय रोके जाने एवं दो दिन में अभिलेख पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। डीपीओ के निरीक्षण से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में हड़कंप मचा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशीला ने आंगनवाड़ी केंद्र मोहनपुरा का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी कार्यकत्री सत्यवती उपस्थित मिली। मात्र 10 बच्चे मौजूद मिले। आगनबाड़ी कार्यकत्री बबिता 9.40 पर केंद्र पर उपस्थित मिली, लेकिन ईसीसीई से संबंधित कोई भी समान केंद्र पर नहीं मिला। कोई भी अभिलेख पूर्ण नहीं मिले। बबिता के स्टॉक अभिलेख 2021 से अपूर्ण पाए गए।
आंगनबाड़ी केंद्र मामूरगंज पर सोनिया, इंद्रा देवी और शशि प्रभा उपस्थित मिली, परंतु कोई भी अभिलेख केंद्र पर नहीं पाए गए। राजकुमारी कार्यकत्री अनुपस्थित पाई गई। आगनबाड़ी केंद्र मोहिनी पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुनीता, शांति देवी अनुपस्थित मिली। नीरज केंद्र पर उपस्थित मिली परंतु कोई भी अभिलेख नहीं मिले। आंगनबाड़ी केंद्र नारायणी पर राधा उपस्थित मिली डीपीओ ने जब इनसे विभागीय योजनाओं के विषय में जानकारी की गई तो राधा कोई संतुष्ट पूर्ण जवाब नहीं दे सकी।
केंद्र से संबंधित कोई भी अभिलेख नहीं दिखा सकी। आंगनबाड़ी केंद्र बहादुरनगर पर टीकाकरण का कार्य हो रहा था। एएनएम अनूपा, आगनवाड़ी कार्यकत्री कविता और विनय उपस्थित पाई गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा जब अनुपूरक पुष्टाहार के विषय में जानकारी की गई तब दोनों आंगनबाड़ी द्वारा बताया गया की राशन घर से ही वितरण करते हैं।
जिसपर जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा गहरा नाराजगी व्यक्त की गई। साथ ही अनुपूरक पुष्टाहार के वितरण में धांधली की संभावना जताई। आगनवाड़ी केंद्र रहीम नगर समय से पूर्ण बंद मिला। आंगनबाड़ी केंद्र अथैया पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री हिरदेश और आंगनबाड़ी कार्यकत्री वंदना उपस्थित मिली परंतु केंद्र से संबंधित कोई भी अभिलेख नहीं मिले। जूनियर हाईस्कूल मोहिनी पर निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण भी किया गया। सभी अनुपस्थित पाई गई आंगनबाड़ी कार्यकत्री के मानदेय रोकने एवं जिन आंगनबाड़ी कार्यकत्री के अभिलेख अपूर्ण पाए गए है उनको दो दिन में अभिलेख पूर्ण कर दिखाने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- कासगंज: चली गई होनहार की जान, सदमें से चाचा की भी मौत...मचा कोहराम
